Ranchi News : झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने सोमवार को इसकी घोषणा की।
विधानसभा के मॉनसून सत्र की कार्यवाही सोमवार को पूर्वाह्न 11.07 बजे शुरू हुई। कार्रवाई शुरू होते ही दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी और फिर विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी।
विधानसभा अध्यक्ष ने गुरुजी (शिबू सोरेन) के निधन पर शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा, ‘ गुरुजी का निधन हम सभी राज्यवासियों के लिए बेहद दु:खद है। गुरुजी झारखंड के पुरोधा थे। उन्होंने हमेशा वंचितों, पीड़ितों और आदिवासियों की आवाज को बुलंद किया। उनका निधन झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से हम सभी बहुत दुखी हैं। गुरुजी की यादें, उनकी प्रेरणा और उनका आन्दोलन अब हम लोगों के साथ रहेगा।’



