Ujjain : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के केन्द्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि पहलगाम की घटना के बाद देश में एक नयी क्रांति जन्मी है। मुस्लिम समुदाय ने अब आतंक के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की है। जो पहले पाकिस्तान के खिलाफ बोलने से बचता था, वह अब खुल कर बोल रहा है। पहले मुस्लिम समुदाय विपक्ष के प्रभाव में आकर सरकार और सेना पर सवाल उठाता था, लेकिन आज वही समुदाय सरकार और सेना के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है। विपक्ष में भी बदलाव आया है और समाज में भी परिवर्तन हुआ है।
इंद्रेश कुमार शुक्रवार को उज्जैन में आयोजित एक बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। वह उज्जैन में प्रतिवर्ष निकलने वाली सिंधु दर्शन यात्रा की बैठक को लेकर यहां पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद वहां देशभक्ति का स्मारक बनना चाहिए, जो आतंकवादियों के अमानवीय चरित्र के विरुद्ध देश प्रेम का प्रतीक बनकर खड़ा हो। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का समय आ गया है, क्योंकि वह पांच हिस्सों में बगावत के रास्ते पर है।



