▪︎ मारे गये तीन ग्रामीणों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा
Bijapur News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पेद्दाकोरमा गांव में मंगलवार को नक्सलियों ने तीन लोगों की हत्या कर दर्जनभर ग्रामीणों का अपहरण कर अपने साथ ले गये थे। बुधवार को उन सभी अपहृत ग्रामीणों को नक्सलियों ने रिहा कर दिया है, सभी ग्रामीण सुरक्षित अपने गांव पहुंच गये हैं।
नक्सली नेता वेल्ला और उसके साथ पहुंचे नक्सलियों ने मंगलवार शाम 04 बजे इस घटना को अंजाम दिया था। मृतकों के परिजन रात 08 बजे तक पुलिस के पास नहीं पहुंचे थे। सुरक्षाबलों की टीम बुधवार को पेद्दाकोरमा गांव पहुंचकर मारे गये तीन ग्रामीणों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बीजापुर ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा दिया गया है।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने कहा कि नक्सली संगठन एक तरफ शांति की बात करते हैं, तो दूसरी ओर बेगुनाह ग्रामीणों को आईईडी लगा कर एवं मुखबिरी के नाम पर मार रहे हैं। इससे नक्सल संगठन का दोहरा चरित्र सबके सामने आ चुका है। कहा कि शांति वार्ता की बात करने वाले दोहरे चरित्र के नक्सलियों से कभी बातचीत नहीं की जायेगी। शांति की बात कर बेगुनाह लोगों की जान लेनेवाले नक्सली संगठन माफी के लायक भी नहीं है। सुरक्षाबल नक्सलियों को खत्म करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं, जल्द ही नक्सलियों की बची अंतिम सांस हमेशा के लिए बंद हो जायेगी।



