New Delhi news : भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के विवादित बयान को झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मोदी सरकार की सोची-समझी साजिश करार दिया है। मंत्री दीपिका ने कहा है कि जुबान नहीं फिसली है, बल्कि यह तो मोदी सरकार की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है…सुप्रीम कोर्ट को दबाने, डराने और बदनाम करने की रणनीति पर कार्य किया जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने विवादित बयान देकर देश के राजनीतिक गलियारे में तहलका मचा दिया है। सीजेआई पर गृहयुद्ध भड़काने जैसे आरोप पर अब राजनीतिक जंग छिड़ गयी है। भाजपा सांसद दुबे के बयान पर औवेसी समेत झामुमो और कांग्रेस के कई नेता हमलावर हुए हैं। ऐसे में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने भी गम्भीर बात कह कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। दरअसल, मंत्री दीपिका ने भाजपा सांसद के विवादित बयान को मोदी सरकार की सोची-समझी साजिश करार दिया और सुप्रीम कोर्ट को दबाने, डराने और बदनाम करने के लिए रणनीति बनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निशिकांत दुबे की जुबान नहीं फिसली, यह तो मोदी सरकार की सोची-समझी रणनीति है ; सुप्रीम कोर्ट को दबाने, डराने और बदनाम करने का। उन्होंने आगे कहा कि जब सीजेआई पर ‘गृह युद्ध’ भड़काने का आरोप लगाया जाता है, तो समझिए कि सत्ता रूपी अहंकार ने अब लोकतंत्र की जड़ें हिलाने की ठान ली है। उन्होंने कहा कि यह सीधा अपमान है संविधान का, न्यायपालिका का और देश के प्रत्येक नागरिक का। सत्ता की सनक में भाजपाई अंधे हो चुके हैं, लेकिन यह भारत है, यहां अदालतें बिकती नहीं, झुकती नहीं। मंत्री दीपिका ने भाजपा सांसद के बयान को भारत के संविधान, न्यायपालिका और जनता-जनार्दन पर सीधा हमला करार दिया है। उनके अनुसार जब भ्रष्टाचारियों से सत्ता की मिलीभगत बेनकाब होती है, तो ऐसे नेता यूं ही बकवास करते हैं। भाजपा सांसद का बयान देश की न्यायिक आत्मा पर हमला है।



