मंदिर समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर पूजा के लिए करा सकते हैं बुकिंग
Dehradun news : आगामी चारधाम यात्रा के लिए श्री बदरीनाथ धाम और श्री केदारनाथ धाम में होनेवाली पूजाओं के लिए आनलाइन बुकिंग गुरुवार से मंदिर समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो गयी है।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने गुरुवार को उक्त जानकारी दी है। मुख्य कार्याधिकारी थपलियाल ने बताया कि इस यात्रा वर्ष बदरीनाथ धाम के कपाट 04 मई और केदारनाथ धाम के कपाट 02 मई को खुल रहे हैं। इसके साथ ही मंदिर समिति ने अपनी वेबसाइट के जरिये बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में होने वाली प्रात:कालीन, सायंकालीन और लम्बी अवधि की पूजाओं की बुकिंग आज से शुरू कर दी। श्रद्धालु अभी 30 जून तक पूजा की बुकिंग कर सकते हैं। उन्होंने बताया पूजा का शुल्क पूर्व की भांति रखा गया है, उसमें कोई भी बढ़ोतरी नहीं की गयी है।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि बदरीनाथ धाम की पूजाओं में अभिषेक, महाभिषेक पूजा, वेदपाठ, गीता पाठ, विष्णुसहस्त्रनाम पूजा, चांदी आरती, स्वर्ण आरती, गीत गोविंद पाठ शयन आरती शामिल हैं। इसी तरह भगवान केदारनाथ की पूजाओं में रुद्राभिषेक पूजा, लघु रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय पाठ, षोडशोपचार पूजा, सायंकालीन आरती आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की आनलाइन पूजाओं के रेट निर्धारित हैं और मंदिर समिति की वेबसाइट पर देखे जा सकते हैं। गुरुवार से शुरू होते ही श्रद्धालुओं ने वेबसाइट के जरिये बुकिंग करना शुरू कर दिया है। इंटरनेट कार्डिनेटर दीपेन्द्र रावत के अनुसार बदरीनाथ धाम के लिए तीस फीसदी और केदारनाथ के लिए बीस फीसदी पूजाएं आॅनलाइन बुक हो रही हंै। अभी तक 93 लोगों ने बुकिंग करायी है, जिसमें 32 पूजा बदरीनाथ के लिए बुक की गयी हैं।



