▪︎ पाकिस्तानी डोजियर में आठ अतिरिक्त भारतीय हवाई हमलों का उल्लेख, जिनका भारतीय रक्षा अधिकारियों ने पहले नहीं किया था खुलासा
▪︎ व्यापक नुकसान के कारण ही पाकिस्तान के पास नहीं बचा था युद्धविराम के अलावा कोई विकल्प
New Delhi News: ‘आपरेशन सिन्दूर’ के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों ने उन पाकिस्तानी ठिकानों को भी निशाना बनाया था, जिनके बारे में हवाई हमलों के बाद भारतीय वायु सेना या डीजीएमओ ने नहीं बताया था। पाकिस्तान ने 18 मई को कई देशों को सौंपे गये अपने डोजियर में माना है कि ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ में भारतीय मिसाइलों और ड्रोनों से पाकिस्तान में कहीं ज्यादा नुकसान हुआ है। डोजियर में साफ तौर पर दिखाया गया है कि भारत ने पेशावर, झंग, सिंध में हैदराबाद, पंजाब में गुजरांवाला, बहावलनगर, अटॉक और चोर पर हमला किया।
पाकिस्तान के एक आधिकारिक डोजियर से पता चला है कि भारत ने अपने बताये गये लक्ष्यों की तुलना में कम से कम सात अधिक लक्ष्यों पर हमला किया। डोजियर के नक्शों में पेशावर, झंग, सिंध में हैदराबाद, पंजाब में गुजरात, बहावलनगर, अटॉक और चोर पर हमले दिखाये गये हैं। पिछले महीने हवाई हमलों के बाद प्रेस वार्ता में भारतीय वायु सेना या सैन्य संचालन महानिदेशक ने इन स्थानों का नाम नहीं लिया था। नये रहस्योद्घाटन से पता चलता है कि भारत ने जितना स्वीकार किया था, उससे कहीं अधिक अन्दर तक हमला किया था। इसीलिए ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ को रोकने के लिए पाकिस्तान ने भारत से सम्पर्क करके युद्ध विराम का अनुरोध किया।
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गये 26 सैलानियों में विधवा हुई महिलाओं के उजड़े सुहाग को ध्यान में रखते हुए 6/7 मई की आधी रात को ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ शुरू किया। भारत ने बिना सीमा पार किये हैमर, स्कल्प और मिसाइलों से पाकिस्तान और पीओके के नौ आतंकी शिविरों पर हमला करके जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिद्दीन के ठिकानों को तबाह कर दिया। भारत ने हवाई हमलों के बाद इसकी अधिकृत जानकारी भी दी थी। मैक्सार टेक्नोलॉजीज ने भी उपग्रह इमेज जारी करके ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ के दौरान सटीक हमलों से हुए नुकसान का खुलासा किया था, लेकिन अब पाकिस्तान के डोजियर से नये खुलासे हुए हैं।
भारत ने बताया था कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकवादी ढांचे के खिलाफ बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद मुख्यालय और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के प्रशिक्षण केन्द्र सहित नौ स्थानों पर हमला किया गया। 07 मई के हमलों में लक्षित अन्य स्थानों में मुजफ्फराबाद, कोटली, रावलकोट, चकस्वरी, भीमबर, नीलम घाटी, झेलम और चकवाल शामिल थे। इसके अलावा ग्यारह हवाई ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनमें नूर खान, रफीकी, मुरीद, सुक्कुर, सियालकोट, पसरूर, चुनियन, सरगोधा, स्कारू, भोलारी और जैकोबाबाद शामिल हैं। भारी नुकसान के कारण पाकिस्तान के पास युद्ध विराम के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा, जिससे तीन दिनों से जारी तनाव समाप्त हो गया।
पाकिस्तान ने ड्रोन अटैक में अपने कई एयरबेस को हुए नुकसान की जानकारी दी है
अब पाकिस्तान के डोजियर से पता चलता है कि भारत ने जितना स्वीकार किया है, उससे कहीं अधिक गहराई से और कठोर हमले किये गये थे। पाकिस्तानी डोजियर के मानचित्रों में प्रमुख शहरों ; जैसे पेशावर, झंग, सिंध में हैदराबाद, पंजाब में गुजरात, गुजरांवाला, बहावलनगर, अटॉक और चोर पर भारतीय हमले दिखाये गये हैं, जिनका उल्लेख 07 मई के जवाबी हमले के बाद प्रेस ब्रीफिंग में भारतीय वायु सेना या सैन्य संचालन महानिदेशक ने नहीं किया था। पाकिस्तान ने ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ के दौरान ड्रोन अटैक में अपने कई एयरबेस को हुए नुकसान के बारे में जानकारी दी है। डोजियर में कम से कम आठ अतिरिक्त भारतीय हवाई हमलों का उल्लेख किया गया है, जिनका भारतीय रक्षा अधिकारियों ने पहले खुलासा नहीं किया था।



