New Delhi : विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि ‘आॅपरेशन सिन्दूर‘ के तहत आतंकी ठिकानों को पहले निशाना बनाया गया और बाद में पाकिस्तान को सूचना दी गयी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को साप्ताहिक पत्रकार वार्ता में एक प्रश्न के उत्तर में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा, ‘हमने डीजीएमओ के माध्यम से पाकिस्तान को बताया कि हमने ‘आॅपरेशन सिन्दूर‘ के तहत जवाब देने के अपने अधिकार का प्रयोग किया है। हमने हमले के बाद उन्हें बताया।’
उल्लेखनीय है कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष और सैन्य कार्रवाई की स्थिति पर बात करते हुए कहा था, ‘आॅपरेशन की शुरुआत में ही हमने पाकिस्तान को यह संदेश भेज दिया था कि हम आतंकवादी ढांचे पर हमला कर रहे हैं, न कि सेना पर और सेना के पास यह विकल्प है कि वह बाहर खड़ी रहे और हस्तक्षेप न करे।’
उनके इसी बयान का एक वीडियो जारी करते हुए राहुल गांधी ने केन्द्र सरकार पर हमला बोला था। राहुल गांधी ने विदेश मंत्री के बयान को आधार बनाते हुए कहा था कि हमले की शुरुआत में पाकिस्तान को सूचित करना एक अपराध था। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इसे किसने अधिकृत किया और इसके परिणामस्वरूप हमारी वायुसेना के कितने विमान क्षतिग्रस्त हुए।
पाकिस्तान को हमले के बाद दी गयी थी सूचना, विदेश मंत्रालय ने किया स्पष्ट

Share this:


