New Delhi News: 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के लालकिले की प्राचीर से लगातार 12वीं बार राष्ट्र को सम्बोधित करनेवाले है। इस बार भी कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी हो रही है।
सूत्रों के अनुसार पीएम अपने सम्बोधन से अंतरराष्ट्रीय बिरादरी को भारत का विजन देनेवाले हैं। साथ ही, पूरा सम्बोधन सेना के शौर्य को समर्पित होगा। इसके अलावा, मोदी जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने के मामले में केन्द्र के रोडमैप का एलान भी कर सकते हैं। इस बारे में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल सिफारिशें दे चुके हैं। राज्य के दर्जे की बहाली की औपचारिक घोषणा के बाद विधायी और कार्यपालिका के स्तर पर तेजी से कदम बढ़ाये जा सकते हैं। सूत्रों के अनुसार राज्य का दर्जा बहाल करने के विधेयक में मौजूदा विधानसभा को राज्य विधानसभा के तौर पर आगे बढ़ाने का प्रावधान होगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभर से आये पंचायत प्रतिनिधि होंगे विशेष अतिथि
इस साल स्वतंत्रता दिवस समारोह में लाल किले पर देशभर से आए 210 पंचायत प्रतिनिधियों को विशेष अतिथि बनाया जायेगा। ये सभी प्रतिनिधि अपने परिवार और नोडल अधिकारियों के साथ दिल्ली पहुंचेंगे, जिनकी कुल संख्या 425 होगी। यह पहल ग्रामीण भारत में काम कर रहे जनप्रतिनिधियों के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से की गयी है।
इन विशेष अतिथियों के सम्मान में 14 अगस्त को एक सम्मान समारोह आयोजित किया जायेगा। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय पंचायती राजमंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
इस साल कार्यक्रम का विषय ‘आत्मनिर्भर पंचायत, विकसित भारत की पहचान’ रखा गया है। यह विषय ‘आत्मनिर्भर पंचायतें भारत के विकास में एक मजबूत आधार स्तम्भ’ को दर्शाने लिए चुना गया। इस अवसर पर एआई तकनीक से तैयार ‘सभासार’ नामक एप्लिकेशन का शुभारम्भ भी किया जायेगा। इसके साथ ही ‘ग्रामोदय संकल्प पत्रिका’ के 16वें अंक का विमोचन भी किया जायेगा।
विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित पंचायत प्रतिनिधियों में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं। इन महिलाओं ने अपने क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी ढांचे, सार्वजनिक सेवाओं और समावेशी विकास की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है। उन्होंने हर घर जल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मिशन इंद्रधनुष जैसी योजनाओं को सफल बनाने में अहम भूमिका निभायी है।



