Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

पीएमएवाई-यू 2.0 : केन्द्र ने शहरी आवासों के निर्माण में तेजी लाने को शुरू किया अंगीकार अभियान

पीएमएवाई-यू 2.0 : केन्द्र ने शहरी आवासों के निर्माण में तेजी लाने को शुरू किया अंगीकार अभियान

New Delhi News: केन्द्र सरकार ने शहरों में गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को पक्का घर देने के लिए ‘अंगीकार 2025’ अभियान शुरू किया है। यह अभियान प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 (पीएमएवाई-यू 2.0) के तहत हो रहे घरों के निर्माण में तेजी लायेगा।

केन्द्रीय आवास और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को नयी दिल्ली में इस अभियान की शुरुआत की। इस अभियान में विधवाओं, एकल महिलाओं, विकलांगों, बुजुर्गों, ट्रांसजेंडरों, अनुसूचित जाति और जनजाति, अल्पसंख्यकों, सफाई कर्मियों, सड़क पर दुकान लगानेवालों, आंगनवाड़ी कार्यकतार्ओं और मजदूरों को प्राथमिकता दी जायेगी। इसके तहत 01 करोड़ परिवारों को पक्का घर बनाने या खरीदने के लिए 2.5 लाख रुपये तक की मदद मिलेगी। साथ ही, उन्हें पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का फायदा भी मिलेगा। इस अभियान के तहत कम आय वाले लोगों को ऋण जोखिम गारंटी निधि के बारे में भी बताया जायेगा I

अभियान का शुभारम्भ करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि अंगीकार 2025 सरकार की उस सोच को दिखाता है, जो गरीबों और कमजोर वर्गों तक मदद पहुंचाने की है। यह अभियान दूसरी योजनाओं के साथ मिल कर देश का विकास करेगा। यह ‘सबके लिए घर’ के सपने को पूरा करने का बड़ा कदम है। यह अभियान 04 सितम्बर से 31 अक्टूबर तक देश के 05 हजार से ज्यादा शहरों और कस्बों में चलेगा। इसमें घर-घर जाकर लोगों को बताया जायेगा, ऋण मेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये उन्हें जोड़ा जायेगा।

पीएमएवाई-यू के तहत अब तक 120 लाख घरों को मंजूरी मिली है, जिनमें 94.11 लाख घर बन कर लोगों को दिए जा चुके हैं। अंगीकार 2025 अभियान से बाकी बचे घरों को जल्दी पूरा करने में मदद मिलेगी। इसी साल 17 सितम्बर को पीएमएवाई-यू 2.0 की पहली सालगिरह पर आवास दिवस भी मनाया जायेगा। साथ ही, 17 से 27 सितम्बर और 16 से 31 अक्टूबर के बीच दो चरणों में जिला मुख्यालयों और बड़े शहरों में पीएम आवास मेला-शहरी का आयोजन भी होगा।

उल्लेखनीय है कि सितंबर 2024 में शुरू हुई पीएमएवाई-यू 2.0 का लक्ष्य अगले पांच साल में एक करोड़ और घर बनाना है। यह योजना चार तरह से काम करती है। लाभार्थी खुद घर बनायें, साझेदारी में सस्ते घर, किराये के सस्ते घर और ब्याज पर छूट। हाल ही में असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओड़िशा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 2.35 लाख घरों को मंजूरी मिली, जिनमें 1.25 लाख से ज्यादा महिलाओं और कमजोर वर्गों के लिए हैं।

शुभारम्भ के मौके पर राज्यमंत्री तोखन साहू, मंत्रालय के सचिव निवास कटिकिथला, संयुक्त सचिव कुलदीप नारायण और कई अधिकारी मौजूद थे। कुलदीप नारायण ने राज्यों के अधिकारियों के साथ मिल कर अभियान को सफल बनाने की योजना के बारे में भी बताया।

Share this:

Latest Updates