Palamu News : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के केदल जंगल में बुधवार रात 10 लाख के इनामी प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) कमांडर शशिकांत के दस्ते के साथ पुलिस की भीषण मुठभेड़ हुई। इसमें जिला पुलिस बल के दो जवान संतन मेहता और सुनील राम बलिदान हो गये, जबकि एक जवान रोहित कुमार जख्मी हैं। गुरुवार तड़के घायल जवान को एमआरएमसीएच लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पलामू की पुलिस कप्तान रिष्मा रमेशन लगातार हालात पर नजर रखी हुई हैं। रात 02 बजे ही वह अस्पताल पहुंचीं और घायल जवान के इलाज की हर बारीकी की जानकारी ली। मुठभेड़ स्थल पर पुलिस सर्च अभियान चला रही है।
एसपी के अनुसार बुधवार शाम सूचना मिली कि 10 लाख के इनामी टीएसपीसी के शशिकांत का दस्ता मनातू थाना के केदल गांव में मौजूद है और किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में है। इस सूचना पर एएसपी अभियान राकेश कुमार और हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एस मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में आपरेशन लॉन्च किया गया।
सर्च अभियान चलाते हुए पुलिस बढ़ रही थी। इसी क्रम में रात साढ़े 12 बजे पुलिस को देखते ही उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में पुलिस के दो जवान बलिदान हो गये और एक जवान घायल हो गया। कुछ नक्सलियों के घायल और मारे जाने की सूचना है। लेकिन, अभी उनके शव नहीं मिल पाये हैं। इलाके की घेराबंदी करके सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
शहीदों को श्रद्धांजलि
शहीद जवानों के शवों का पोस्टमॉर्टम के बाद पलामू पुलिस लाइन में सलामी समारोहआयोजित किया गया। इस दौरान झारखंड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें सीआरपीएफ के आईजी साकेत सिंह, आईजी अभियान माइकल राज एस, आईजी एसटीएफ अनूप बिरथरे, पलामू रेंज के डीआईजी नौशाद आलम, और पलामू एसपी रीष्मा रमेशन शामिल थे, ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। स्थानीय विधायक आलोक कुमार चौरसिया, झामुमो जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिन्हा, शानू सिद्दीकी और पूर्व मेयर अरुणा शंकर भी समारोह में मौजूद थे।
पुलिस का संकल्प
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा, ‘शहीद जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा। हम नक्सली गतिविधियों को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’ आईजी अभियान माइकल राज एस ने दावा किया कि झारखंड में 95% नक्सली गतिविधियां समाप्त हो चुकी हैं और यह घटना बुझने से पहले दीये की आखिरी लौ जैसी है। उन्होंने कहा कि टीएसपीसी के खिलाफ अभियान और तेज किया जायेगा।
मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने दो जवानों के मुठभेड़ में बलिदान पर जताया शोक
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पलामू में पुलिस बल और उग्रवादी संगठन के बीच मुठभेड़ में दो जवानों के बलिदान (शहीद) होने पर शोक जताया है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर गुरुवार को कहा कि पलामू के मनातू क्षेत्र अंतर्गत केदल जंगल में विशेष आॅपरेशन अभियान के दौरान पुलिस के दो जवान संतन मेहता और सुनील राम का शहीद (बलिदान) होना अत्यन्त पीड़ादायक है। मरांग बुरु दिवगंत वीर शहीदों की आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को दु:ख की घड़ी सहन करने की शक्ति दें। अभियान में घायल एक अन्य जवान को चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जा रहा है। घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।’
वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, ‘पलामू में पुलिस बल और उग्रवादी संगठन के बीच भीषण मुठभेड़ में दो जवानों, संतन कुमार और सुनील राम के बलिदान होने की सूचना प्राप्त हुई।
जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जायेगी। समाज में शांति स्थापित करने के लिए सर्वोच्च बलिदान देनेवाले जवानों का हम सब सदैव कृतज्ञ रहेंगे।
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति दें।’



