Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

सक्रिय राजनीति में फिर लौटे रघुवर, प्रदेश कार्यालय में ली भाजपा की सदस्यता

सक्रिय राजनीति में फिर लौटे रघुवर, प्रदेश कार्यालय में ली भाजपा की सदस्यता


Ranchi News : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल रघुवर दास ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को दोबारा भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा और वीरों की पावन भूमि, श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई द्वारा बनाये झारखंड राज्य की भूमि पर अपनी पुरानी भूमिका में लौट कर ऐसा लग रहा है कि जैसे मां के आंचल तले वापस आया हूं। राज्यपाल होना गरिमा की बात होती है, लेकिन संगठन का दास होना गर्व की बात होती है।

नरेन्द्र मोदी प्रधान सेवक हैं और मैं भी सेवक बन कर आपकी सेवा में हाजिर हूं
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रधान सेवक हैं और मैं भी सेवक बन कर आपकी सेवा में हाजिर हूं। सूर्य उत्तरायण में जायेगा, लेकिन इस बार वर्ष 2025 का सूर्य महाकुंभ के साथ आया है और इस महाकुंभ में अमृत पान झारखंड का हर निवासी करेगा। विगत वर्ष 2024 से सबक लेते हुए 2025 के नये वर्ष में नयी ऊर्जा, नयी उमंग और नये उत्साह के साथ हमें झारखंड की जनता के हित के लिए लड़ना है, जूझना है और विजयी होना है।
रघुवर दास ने कहा कि आज 10 जनवरी का दिन मेरे लिए ऐतिहासिक दिन है, जहां मैं राष्ट्र की राजनीति करनेवाले एकमात्र लोकतांत्रिक पार्टी भारतीय जनता पार्टी की 1980 के बाद दूसरी बार सदस्यता ले रहा हूं। 26 अक्टूबर 2023 को नयी दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी को राज्यपाल बनने से पूर्व मैंने पार्टी के सदस्य से इस्तीफा सौंपा था। यह मेरे लिए भावुक पल था। आज दूसरी बार सदस्यता लेते हुए मुझे काफी हर्ष हो रहा है। इसके लिए राष्ट्रीय नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी समेत झारखंड के हमारे प्यारे कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट करता हूं। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पूरी पार्टी ने एकजुट होकर विजय दिलाने के संकल्प के साथ दिन-रात मेहनत की। इसकी मैं प्रशंसा करता हूं, लेकिन परिणाम हमारे अनुकूल नहीं रहे। राजनीतिक जीवन में हार-जीत लगी रहती है। जय-पराजय जीवन का हिस्सा है। हम लोगों ने वह दिन भी देखा है, जब 1984 में हमारे दो सांसद थे। तब विपक्षी हम दो हमारे दो बोल कर हमारी खिल्ली उड़ाते थे। लेकिन, जैसा आप सभी को पता है कि भाजपा का जन्म ही हुआ है राष्ट्र को परम वैभव पर ले जाने के लिए, ना कि सत्ता सुख भोगने के लिए।

देश के 22 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार है।
उन्होंने कहा कि सत्ता हमारे लिए साधन है, जनता की सेवा करने का। सत्ता मेवा का साधन नहीं है। देश के लोगों ने भाजपा का शासन देखा है। इसी कारण लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केन्द्र में एनडीए की सरकार आयी है। आज देश के 22 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार है।
उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने जो जनादेश दिया है, मैं उसका सम्मान करता हूं। झारखंड की जनता ने गठबंधन की सरकार को राज करने का बहुमत दिया है। इंडी गठबंधन ने चुनाव में जो वादे किये थे, उसी के आधार पर उन्हें जनादेश मिला है। इसका हम सम्मान करते हैं। वहीं, जनता ने विपक्ष को भी मजबूती के साथ सरकार पर दबाव बनाने का जनादेश दिया है।

भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता सरकार से अपील कर रहा है कि वह अपने वादे पूरे करे
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता सरकार से अपील कर रहा है कि वह अपने वादे पूरे करे। हम कुछ महीने इंतजार करेंगे कि गठबंधन सरकार जनता से किये अपने वादों को पूरा करे। अन्यथा, भाजपा जनहित के मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक सरकार को वादे पूरा करने के लिए मजबूर करेगी।
अंत में उन्होंने चार पंक्तियों से कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा…
‘जिस पल की मुझे महीनों से थी आस
आज उसे आपकी उपस्थिति बनाती है खास
खत्म करके अपनी जिम्मेवारी का प्रवास
घर आया है आपका अपना झारखंड का दास।’

Share this:

Latest Updates