Ranchi News: केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी राजधानी के बहुप्रतीक्षित रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का गुरुवार 03 जुलाई को उद्घाटन करेंगे। इस एलिवेटेड रोड के चालू होने से शहर के लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और शहरी परिवहन को नयी रफ्तार मिलेगी। केन्द्रीय मंत्री सुबह 10:40 बजे दिल्ली से रांची पहुंचेंगे और सीधे हेलीकॉप्टर से गढ़वा के हूर गांव जायेंगे। वह दोपहर 12 बजे रेहला फोर लेन सड़क परियोजना का उद्घाटन करेंगे। गढ़वा में आयोजित समारोह में भाग लेने के बाद दोपहर 2:15 बजे रांची लौटेंगे। 2:30 बजे बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। 03 बजे रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे।
ओटीसी मैदान में होगी एक विशाल जनसभा
उद्घाटन के पश्चात एक मोटरसाइकिल जुलूस के साथ वह ओटीसी ग्राउंड पहुंचेंगे। ओटीसी मैदान में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करेंगे। यह एलिवेटेड कॉरिडोर रांची शहर को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह न सिर्फ रिंग रोड और मुख्य शहर को जोड़ने में सहायक होगा, बल्कि हटिया, इटकी, चुटिया, कोकर और कांके जैसे क्षेत्रों को बेहतर सम्पर्कता प्रदान करेगा। यह सिर्फ रांची ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए विकास की गति को दर्शाने वाला क्षण होगा। कार्यक्रम को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं। ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग स्पॉट और कार्यक्रम स्थलों पर बैरिकेडिंग की गयी है। साथ ही, पुलिस, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम की निगरानी में जुटे हैं। गडकरी झारखंड के लिए एनएच परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इस मौके पर एनएचएआई के कई अधिकारी मौजूद रहेंगे। यहां पर सभा भी की जायेगी। यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान गडकरी फ्लाईओवर का भी जायजा लेंगे। इसके बाद होटल रेडिशन ब्लू जायेंगे। वहां पर अधिकारियों के साथ एनएच की परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में ट्रांसपोर्ट के मुद्दे पर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। शाम 6:45 बजे एयरपोर्ट जायेंगे और फिर वहां से वापस चले जायेंगे।



