Russia & Ukraine War, 229 th. Day : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने यूक्रेन की तरफ से 2 दिन पहले कर्च ब्रिज को उड़ाए जाने का बदला 48 घंटे में ले लिया है। 10 अक्टूबर की सुबह से रूस की तरफ से यूक्रेन पर एक के बाद एक 75 मिसाइल अटैक किए गए हैं। इन धमाकों में यूक्रेन का पारकोवी ब्रिज भी तहस-नहस हो गया है। यह ब्रिज नाइपर नदी पर पैदल यात्रियों के लिए बनाया गया था।
कीव से पहले जापोरिजिया पर हुए हमले
कीव से पहले यूक्रेन के जापोरिजिया में एक बार फिर मिसाइलें दागी हैं। रूस ने 10 अक्टूबर सुबह करीब 4:30 बजे जापोरिजिया में मिसाइल अटैक किया। जापोरिजिया के मिलिट्री चीफ ऑलेक्जेंडर स्टारुख ने इसकी जानकारी दी है। यह 24 घंटे के भीतर लगातार दूसरा हमला है। इससे पहले 9 अक्टूबर को जापोरिजिया में मिसाइल अटैक हुआ था।
7 माह बाद ऐसे भीषण हमले
रूस-यूक्रेन जंग को शुरू हुए 7 महीने हो गए हैं। फरवरी के अंत में जंग की शुरुआत में रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़े मिसाइल हमले किए थे। हालांकि, कीव के सैनिकों और नागरिकों की तरफ से कड़ी टक्कर मिलने के बाद अप्रैल में रूस ने कीव से अपनी सेना को वापस बुलाना शुरू कर दिया। अब एक बार फिर से रूस ने कीव पर हमला करना शुरू कर दिया है। सोमवार सुबह से ही कीव पर रूसी रॉकेट बरस रहे हैं।



