Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

राज्यपाल ने बहरागोड़ा में ‘प्रतिभा सम्मान समारोह – 2025’ में विद्यार्थियों को किया सम्मानित

राज्यपाल ने बहरागोड़ा में ‘प्रतिभा सम्मान समारोह – 2025’ में विद्यार्थियों को किया सम्मानित

युवा प्रतिभाएं राष्ट्र की असली पूंजी हैं : संतोष कुमार गंगवार ने

राज्यपाल ने वहां छात्र-छात्राओं के साथ भोजन ग्रहण किया, उनसे संवाद भी किया

Baharagora (East Singhbhum): राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में आशीर्वाद संस्था द्वारा आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह -2025’ में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बहरागोड़ा क्षेत्र बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है, जहां की प्रतिभाओं ने शिक्षा, कला और सामाजिक सेवा के माध्यम से देश-विदेश में झारखंड का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ केवल पुरस्कार वितरण का अवसर नहीं है, बल्कि यह परिश्रम, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों का उत्सव भी है।
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी उसकी युवा पीढ़ी होती है। जब विद्यार्थी कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्टता प्राप्त करते हैं, शिक्षक समाज निर्माण में योगदान देते हैं और नागरिक जनसेवा में योगदान देते हैं, तो यही हमारे राष्ट्र की सच्ची नींव बनाते हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित किये जाने की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि यह समाज को भी सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी को जीवन में प्राथमिकता दें तथा अपने ज्ञान और ऊर्जा का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में करें।
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उन्नति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व का बोध कराना भी है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे विज्ञान, तकनीक और नवाचार के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान निकालें, विशेषकर अपने क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों के समाधान हेतु। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य में उच्च शिक्षा के विकास हेतु निरन्तर प्रयास किये जा रहे हैं, परन्तु प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा की गुणवत्ता उच्च शिक्षा की मजबूत नींव बनाती है और सशक्त आधार बनते हैं। उन्होंने कहा कि “देश का भविष्य स्कूली शिक्षा की मज़बूती पर निर्भर है।”
उक्त अवसर पर राज्यपाल द्वारा छात्र-छात्राओं के अतिरिक्त्त बहरागोड़ा में स्थित विभिन्न विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं के साथ सादगीपूर्ण वातावरण में भोजन ग्रहण किया और संवाद किया। राज्यपाल को छात्र-छात्राएं अपने साथ सहज भाव से भोजन पर देख अत्यन्त हर्षित थे। राज्यपाल के इस व्यवहार ने वहां उपस्थित सभी के हृदय को स्पर्श किया और अनेक लोगों ने उन्हें स्नेहपूर्वक ‘पीपुल्स गवर्नर’ की संज्ञा दी।
लोक सभा सांसद विद्युत वरण महतो ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि बहरागोड़ा प्रारम्भ से ही शिक्षा के क्षेत्र में जागरूक रहा है। आज यह क्षेत्र एक शैक्षिक केन्द्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने इस क्षेत्र में विश्वविद्यालय की स्थापना की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे झारखंड के साथ-साथ पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता की ओर भी ध्यान आकृष्ट कराया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने राज्यपाल की उपस्थिति को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्पद बताया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल उच्च शिक्षा के विकास हेतु सदैव चिन्तित रहते हैं और इसमें सुधार हेतु प्रयास कर रहे हैं। उच्च शिक्षा के विकास हेतु उनकी प्रतिबद्धता सर्वविदित है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में गण्यमान्य अतिथि, शिक्षक, अभिभावक, समाजसेवी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Share this:

Latest Updates