Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

बिहार से शुरू हुई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की क्रांति पूरे देश में फैलेगी : राहुल गांधी

बिहार से शुरू हुई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की क्रांति पूरे देश में फैलेगी : राहुल गांधी

नेता प्रतिपक्ष ने कहा- वोट चोरी देशवासियों के अधिकार और भविष्य की भी है चोरी

  • ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के स्वागत के लिए सड़कें जनसैलाब में बदल गयीं
  • ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में अखिलेश यादव की हुई एंट्री

Aarah News : लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने ‘वोट चोरी’ को देशवासियों के अधिकार और भविष्य की भी चोरी बताते हुए कहा कि बिहार से शुरू हुई ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की क्रांति अब पूरे देश में फैलने जा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के 14वें दिन शनिवार को बिहार के आरा में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव, कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, सीपीआई (एमएल) महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, वीआईपी संस्थापक मुकेश सहनी और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के साथ विशाल जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।

खुली जीप में सवार राहुल गांधी पर लोगों ने की फूलों की वर्षा

इससे पूर्व यात्रा के दौरान खुली जीप में सवार राहुल गांधी को देखने के लिए हर जगह हजारों लोग घंटों सड़कों पर इंतजार करते रहे। स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी दिखाते हुए फूलों की वर्षा के साथ यात्रा का स्वागत किया। नजारा ऐसा था कि सड़कों पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी। छोटे-छोटे बच्चे भी ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगा रहे थे।

भाजपा और चुनाव आयोग को राहुल ने घेरा

राहुल गांधी ने वोट चोरी के जरिये संविधान पर किये जा रहे आक्रमण को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग को पूरजोर तरीके से घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव के साथ-साथ महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव भी चोरी किये। उन्होंने एसआईआर का जिक्र करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन बिहार में वोट चोरी नहीं होने देगा।

यह क्रांति अब यह पूरे देश में फैलने जा रही है

यात्रा को मिल रहे भारी जनसमर्थन से उत्साहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि बिहार से क्रांति शुरू होती है और जनता ने दिखाया कि इस बार भी बिहार से ही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की क्रांति शुरू हुई और अब यह पूरे देश में फैलने जा रही है।

युवाओं से अवसर छीन रही है सरकार

लोगों के भारी हुजूम के बीच राहुल गांधी ने कहा कि यह सरकार पब्लिक सेक्टर का निजीकरण करके और अग्निवीर जैसी योजनाएं लाकर युवाओं से अवसर छीन रही है।

वे चाहते हैं गरीबों की आवाज देश में न सुनी जाये

वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने चिर परिचित अंदाज में एक बार फिर यह दोहराया कि नरेन्द्र मोदी की सरकार अडानी-अम्बानी की सरकार है। इसीलिए वह चाहती है कि गरीबों की आवाज देश में न सुनी जाये। लेकिन, इंडिया गठबंधन ऐसा नहीं होने देगा। पूरे देश में गरीबों की आवाज गूंजेगी और सुनी जायेगी। बिहार में एक वोट भी चोरी नहीं होने दिया जायेगा।

जनता ने बिहार में राहुल गांधी की यात्रा को दिया अभूतपूर्व समर्थन : वेणुगोपाल

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बिहार में चल रही ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिलने वाला बाताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने बिहार की जनता में एक नयी उम्मीद जगायी है।
वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर कहा कि बिहार, जो ऐतिहासिक रूप से कठिनाइयों और अभावों का सामना करता रहा है, वहां मतदान के अधिकार का खतरा एक बड़ी चिन्ता का विषय था। ऐसे में राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और महागठबंधन ने यह यात्रा शुरू की, जो लोकतंत्र के संरक्षण के लिए एक महत्त्वपूर्ण पहल साबित हुई।
वेणुगोपाल ने इस यात्रा को बिहार के जनान्दोलनों की समृद्ध परम्परा का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने 25 जिलों और 110 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया और कुल 1300 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय की। इस दौरान, देशभर के सम्मानित नेताओं ने यात्रा में भाग लिया और इसे समर्थन दिया। इनमें तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री भी शामिल थे। साथ ही, उत्तर प्रदेश के अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी जैसे वरिष्ठ नेता भी इस यात्रा का हिस्सा बने।
उन्होंने कहा कि यात्रा का समापन पटना में गांधी मैदान से अम्बेडकर पार्क तक एक विशाल यात्रा के साथ होगा, जो लाखों लोगों को प्रभावित करनेवाली यात्रा का उपयुक्त समापन होगा।

राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा से ममता अभिषेक ने बनायी दूरी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के पटना समापन कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। पार्टी की ओर से बहरामपुर से सांसद और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान तथा ललितेश त्रिपाठी को प्रतिनिधित्व के लिए भेजा जायेगा।
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने व्यक्तिगत रूप से ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को पटना आने का न्योता दिया था और समापन के बाद होनेवाले डिनर कार्यक्रम में भी आमंत्रित किया था, लेकिन उन्होंने इस कार्यक्रम में दूरी बनाने का फैसला किया है।
राहुल गांधी की 16 दिन की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी और एक सितम्बर को बिहार की राजधानी पटना में समाप्त होगी। शुरुआत में इसका समापन गांधी मैदान में एक बड़ी जनसभा से होना था, लेकिन अब इसे पदयात्रा के रूप में पूरा किया जायेगा।
इस यात्रा ने अब तक 1300 किलोमीटर की दूरी तय की है और 23 जिलों से गुजरते हुए राज्य के राजनीतिक माहौल को गरमाया है। बिहार में होनेवाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस इसे बड़ा राजनीतिक संदेश देने का मंच मान रही है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का इसमें शामिल न होना विपक्षी गठबंधन की आंतरिक समीकरणों पर कई सवाल खड़े कर रहा है।

Share this:

Latest Updates