Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

शुरू हुआ विश्व प्रसिद्ध देवघर श्रावणी मेला, वैदिक मंत्रों के साथ हुआ विधिवत उद्घाटन

शुरू हुआ विश्व प्रसिद्ध देवघर श्रावणी मेला, वैदिक मंत्रों के साथ हुआ विधिवत उद्घाटन

▪︎ पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, श्रम मंत्री संजय यादव और पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने संयुक्त रूप किया उद्घाटन

▪︎ देवघर के इस विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला में आते हैं दुनियाभर के श्रद्धालु

Ranchi News: झारखंड के विश्व प्रसिद्ध देवघर के श्रावणी मेला का गुरुवार को वैदिक मंत्रों के साथ विधिवत उद्घाटन हुआ। झारखंड सरकार के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, श्रम मंत्री संजय यादव और पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काट कर उद्घाटन किया। दुम्मा द्वार का फीता काटने से पहले तीनों मंत्री समेत जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों ने मंदिर के तीर्थ पुरोहितों के साथ वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच विधिवत पूजा-अर्चना की। पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय यादव ने दुम्मा द्वार से प्रवेश करनेवाले श्रद्धालुओं के साथ ‘बम बम भोले’ और ‘बोल बम’ का जयकारा भी लगाया।
इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस विश्व प्रसिद्ध मेला के लिए हर वर्ष की तुलना में इस वर्ष सबसे खास इंतजाम किये गये हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुविधा मुहैया करायी जायेगी। इस मेले में दुनियाभर के लोग आते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़े सफल आयोजन का संचालन तभी होता है, जब समाज और स्थानीय लोगों की मदद मिले, इसलिए उन्होंने देवघर वासियों से अपील करते हुए कहा कि लोगों के साथ बेहतर व्यवहार बना कर रखें।
मंत्री सुदिव्य ने बताया कि अगले सावन को लेकर भी उनके मन में कई तैयारियों की योजना है। देवघर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अगले साल तक दो फ्लाईओवर का निर्माण कराने को लेकर अधिकारियों से चर्चा की गयी है। उन्होंने कहा कि इस मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री को भी आना था, लेकिन रांची में केन्द्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व में होनेवाली बैठक में शामिल होने की वजह से वह नहीं आ पाये।

प्रशासनिक तैयारियों को सराहा

पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि श्रावणी मेले में जो इंतजाम जिला प्रशासन की ओर से किये गये हैं, उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाये, वह कम है। उन्होंने कहा कि झारखंड के सबसे बड़े आयोजनों में श्रावणी मेला का नाम आता है। इस मेले में आसपास के राज्यों के लोग ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के श्रद्धालु यहां आस्था के साथ पहुंचते हैं। इसलिए राज्य सरकार का यह प्रयास है कि बेहतर व्यवस्था के माध्यम से देश-दुनिया से आये लोगों की नजर में झारखंड की अच्छी छवि बनी रहे।
श्रम मंत्री संजय यादव ने कहा कि सिर्फ देवघर ही नहीं, बल्कि पूरे संथाल क्षेत्र के लोग इस मेले से लाभान्वित होते हैं। इसलिए साल में एक बार आनेवाले इस मेले का इंतजार पूरे क्षेत्र के लोग करते हैं। इस मेले को सफल बना कर देवघर और आसपास के लोग अपनी सभ्यता का परिचय दें।
इस मौके पर विधायक सुरेश पासवान, विधायक देवेन्द्र कुंवर, विधायक उदय शंकर सिंह, डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी एपी डुंगडुंग, सीडीओ रवि कुमार, डीडीसी पीयूष सिन्हा, एनडीसी शैलेश कुमार, एसडीपीओ अशोक सिंह, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, जेएमएम के संजय शर्मा सहित कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि 11 जुलाई से देवघर का विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला शुरू हो रहा है। यहां अब श्रद्धालु सुल्तानगंज से लगभग 110 किलोमीटर पैदल यात्रा करते हुए दुम्मा द्वार होते हुए देवघर के बाबा धाम मंदिर में जलाभिषेक करने सीधे पहुंच ।

बासुकीनाथ धाम में भी गूंजे मंत्र, फौजदारीनाथ पर जलाभिषेक के लिए पहुंचेंगे कांवरिये
सुप्रसिद्ध तीर्थ नगरी बासुकीनाथ धाम स्थित मयूराक्षी कला मंच पर राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव का वैदिक मंत्रोचार के बीच दीप प्रज्वलित एवं नारियल फोड़ कर उद्घाटन किया गया। समारोह के दौरान विशिष्ट अतिथि जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए की गयी व्यवस्था की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बासुकीनाथ को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था है। इस अटूट आस्था के कारण ही देशभर के लाखों श्रद्धालु फौजदारीनाथ पर जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने मासव्यापी श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं के लिए विशेष ध्यान केन्द्रित करने के लिए स्थानीय लोगों से अपील की। कांवड़ यात्रियों को कोई असुविधा और कठिनाई नहीं हो, इसके लिए स्थानीय लोगों को सजग रहने के साथ सेवा भावना के साथ कार्य करने को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जामा विधायक डॉ. लुईस मरांडी ने देश विदेश से आनेवाले श्रद्धालुओं के लिए तमाम सुविधा मुहैया करने के साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाये रखने को प्राथमिकता देने की बात कही।

डॉ. लुईस मरांडी ने स्वच्छता पर दिया जोर

स्वच्छता पर चर्चा करते हुए डॉ. मरांडी ने बताया कि इस बार कई बदलाव किये गये हैं। इसका असर टेंट सिटी में डिस्पोजल बेडशीट की व्यवस्था के रूप में देखने को मिल रहा है। कुल मिला कर यहां आनेवाले अन्य राज्यों के श्रद्धालु राज्य की सकारात्मक छवि लेकर अपने प्रदेश लौटे, इस बात पर बल देने की जरूरत है। स्वागत भाषण में डीसी अभिजीत सिन्हा ने कहा कि एक माह तक चलने वाले मेला के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो, इसे लेकर प्रशासन वचनबद्ध है। जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर और सर्वोत्तम सुविधा देने के लिए तत्पर रहेगा। इसके लिए सभी प्रकार की आवश्यक व्यवस्था कर ली गयी है। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में 12 टेंट सिटी श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए होगी। कांवरियों की स्वास्थ्य सुविधा के लिए 20 एम्बुलेंस 24 घंटे सातों दिन एक्टिव मोड में रहेंगे। इसके अलावा मेला क्षेत्र में टेंट अस्पताल के साथ स्वास्थ्य केन्द्र में जरूरी दवाइयों के साथ डॉक्टर की सेवा बहाल रहेगी। वहीं, 750 सीसीटीवी कैमरा, ड्रोन कैमरा के साथ एआई कैमरा से मेला क्षेत्र पर पैनी नजर रहेगी। जिला प्रशासन ने मेला क्षेत्र की फूल प्रूफ सुरक्षा के लिए आतंकवादी निरोधक दस्ता एवं बम डिस्पोजल स्क्वाड की प्रतिनियुक्ति की है।
स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए मेला क्षेत्र की साफ-सफाई के लिए 24 घंटे 450 सफाई मित्र एवं 100 वॉलिंटियर्स नियुक्त हैं। श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर जगह-जगह बार कोर्ड लगाये गये हैं, ताकि श्रद्धालु अपनी समस्याओं से निजात पा सकें। इस दौरान जिप अध्यक्ष जॉयस बेसरा ने आनेवाले श्रद्धालुओं को भरपूर सम्मान देने को कहा।
उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों की ओर से कम्प्रेंसिव मैन्युअल ऑफ झारखंड को ऑपरेटीव नामक पुस्तक का विमोचन किया गया। इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। धन्यवाद ज्ञापन डीडीसी अनिकेत सचान ने किया। इसके बाद जीटीडीसी द्वारा निर्मित टेंट सिटी का अतिथियों ने फीता काट कर उद्घाटन किया।
मौके पर पूर्व सांसद अभयकांत प्रसाद, पूर्व विधायक बादल पत्रलेख, आईजी शैलेन्द्र सिंह, डीआईजी अम्बर लकड़ा, एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार, जिप उपाध्यक्ष, एसी, एसडीएम सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Share this:

Latest Updates