Narayanpur news : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में जिले के छोटेडोंगर थानांतर्गत ग्राम छोटेबुरगूम के पास सड़क किनारे एक कुकर आईईडी बम सुरक्षाबलों ने बरामद किया, जिसे बम डिस्पोजल स्क्वाड की टीम ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रय कर दिया। इसके साथ ही सर्चिंग के दौरान रविवार शाम को गिरफ्तार किये गये दो नक्सलियों को आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जिले में चलाये जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत कैम्प कड़ेमेटा से रविवार को निकली डीआरजी और पुलिस का संयुक्त बल सर्चिंग के दौरान छोटेडोंगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छोटेबुरगूम के पास सड़क किनारे एक कुकर आईईडी बरामद किया। बम डिस्पोजल स्क्वाड की टीम ने कुकर आईईडी को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इस दौरान पुलिस को देख कर भागते दो संदिग्धों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उनकी पहचान सुकमन कोर्राम और बुधराम कोर्राम उर्फ विश्वनाथ के रूप में हुई। दोनों ने तुशवाल निवासी और आमदई एरिया कमेटी के नक्सली नेटवर्क से जुड़ा होना स्वीकार किया।
पूछताछ में दोनों नक्सलियों ने बताया कि नक्सली संगठन के निर्देश पर पुलिस व निर्माण कार्यों को नुकसान पहुंचाने के लिए उन्होंने ही विस्फोटक लगाया था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे 21 फरवरी 2025 को थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामटा, हितुलवाड़, कावानार एवं मढ़ोनार में सड़क निर्माण कार्य बाधित करने और डीआरजी बल से झूमा-झटकी करने की घटनाओं में शामिल थे। उन्होंने जैयसिंह, बल्ली, सोनू, पाकलू, महेश जैसे अन्य सक्रिय नक्सलियों के साथ बम बनाना और रेकी करना भी स्वीकार किया है।
गिरफ्तार दोनों नक्सलियों के खिलाफ थाना छोटेडोंगर में अपराध क्रमांक 4/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 121 (देशद्रोह), 190, 191(2), विस्फोटक अधिनियम और गैरकानूनी गतिविधि निवारण अधिनियम (यूएपीए) की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई उपरांत सोमवार को रिमांड पर रवाना किया गया।



