पीएम मोदी और वेंस की आमेर महल में हो सकती है मुलाकात
Jaipur news : अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस 21 अप्रैल को भारत दौरे पर आ रहे हैं। वह दो दिन जयपुर में रहेंगे। पिंकसिटी के दौरे में वेंस अपने परिवार के साथ आमेर महल और जंतर-मंतर जैसे हेरिटेज साइट्स का भ्रमण करेंगे। व्हाइट हाउस ने वेंस के जयपुर दौरे की दो दिन पहले पुष्टि की थी। जयपुर के बाद वेंस का आगरा जाने का भी कार्यक्रम है।
मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के के हवाले से बताया गया है कि वेंस के साथ पीएम नरेन्द्र मोदी भी जयपुर आ सकते हैं। जेडी वेंस के दौरे को लेकर जयपुर में एक सप्ताह से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। अमेरिकी सेना के भी दो बड़े विमान यहां पहुंचे थे। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस अमेरिका एयरफोर्स के विमान से 21 अप्रैल को रात 9.30 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद रात 10 बजे होटल रामबाग पैलेस पहुंचेंगे। यहां वह रिसेप्शन में हिस्सा लेंगे। वेंस अपने परिवार के साथ रामबाग पैलेस में ही स्टे करेंगे।
मंगलवार सुबह 09 बजे जेडी वेंस अपने परिवार के साथ जयपुर के ऐतिहासिक आमेर महल को देखने पहुंचेंगे। इस दौरान वेंस सुबह 11.30 मिनट करीब ढाई घंटे तक आमेर महल का दीदार करेंगे। इसके बाद वेंस सिटी पैलेस और जंतर-मंतर का विजिट भी कर सकते हैं। दुनिया के टॉप लग्जरी होटल में शुमार रामबाग पैलेस में अमेरिकी उपराष्ट्रपति का दो दिन स्टे होगा। करीब 190 साल पुरानी यह प्रॉपर्टी जयपुर के पूर्व राजपरिवार से सम्बन्ध रखती है। अपने आखिरी दिनों में पूर्व महारानी गायत्री देवी भी रामबाग पैलेस में मौजूद लिलिपूल पैलेस में रहती थीं। सोमवार शाम 05 बजे से मंगलवार दोपहर 12 बजे तक आमेर महल आम सैलानियों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान महल में संचालित एलिफेंट राइड भी अस्थायी रूप से बंद रखी जायेगी।
मीडिया रिपोर्ट में ऐसी सम्भावना जतायी जा रही है कि पीएम मोदी भी 22 अप्रैल को जयपुर में अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस से मुलाकात कर सकते हैं। पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर फिलहाल आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गयी है। इसके बाद 23 अप्रैल को वेंस सुबह 09 बजे जयपुर एयरपोर्ट से अमेरिकी एयरफोर्स के स्पेशल विमान में आगरा के लिए रवाना होंगे। यहां ताजमहल का दीदार करेंगे।



