Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

घुसपैठियों को बिहार के लोगों का हक छीनने नहीं देंगे : मोदी

घुसपैठियों को बिहार के लोगों का हक छीनने नहीं देंगे : मोदी

प्रधानमंत्री ने बोधगया से 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

शिलान्यास, गृह प्रवेश एवं फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री

Patna : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गयाजी जिला के बोधगया स्थित मगध विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बिजली, रेल, सड़क, स्वास्थ्य, आवास, जलापूर्ति, ग्रामीण एवं शहरी संरचना, कैंसर केयर, एकीकृत नदी संरक्षण सहित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इस कार्यक्रम में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित बिहार के सभी केन्द्रीय मंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान अपने सम्बोधन में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बिहार में किये गये विकास कार्यों की प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास के लिए आज कई योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है। राज्य के विकास के लिए केन्द्र सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ कंधा से कंधा मिला कर काम कर रही है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आज यहां से राज्यभर की बिजली, सड़क एवं नगर विकास से सम्बन्धित 14 परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है, यह बहुत बड़ी बात है। साथ ही, दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया है। इन सब की लागत 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। इन सभी योजनाओं से बिहार को काफी फायदा होनेवाला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा बेगूसराय के सिमरिया में नवनिर्मित गंगा पुल का उद्घाटन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गयाजी एवं बोधगया में हर साल लाखों लोग आते हैं। पहले यहां बहुत बुरा हाल था। पहले की सरकार कोई काम ठीक से नहीं करती थी। हमलोगों की सरकार ने काम करना शुरू किया। यहां सभी इंतजाम करा दिये गये हैं। गयाजी में फल्गू नदी में रबर डैम और सीता सेतु का निर्माण कराया गया है और बोधगया में महाबोधि सांस्कृतिक केन्द्र एवं विशिष्ट अतिथि गृह का निर्माण कराया गया है। पहले गया नाम था, लेकिन हमलोगों ने इस शहर को गयाजी नाम दिया। नीतीश कुमार ने कहा कि केन्द्र की भी इच्छा थी, इसलिए हमलोगों ने तत्काल गया को गयाजी कर दिया। एक तरफ बोधगया और एक तरफ गयाजी है।
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों ने बिहार में कोई काम नहीं किया था। 24 नवम्बर 2005 को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार आयी, तो विकास का काम शुरू हुआ। हमलोग लगातार बिहार के विकास में लगे हुए हैं। अब यहां कानून का राज है। यहां तेजी से विकास हो रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली सभी क्षेत्रों में काम हो रहे हैं। हाल ही में कुछ और भी काम करवाए गए हैं, नये निर्णय लिये गये हैं।
उन्होंने कहा कि वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और विधवा महिलाओं को पहले मिलने वाली पेंशन की राशि 400 रुपये थी, जिसे बढ़ा कर 1100 रुपये कर दी गयी है। इससे एक करोड़ 12 लाख लोगों को फायदा हो रहा है। वर्ष 2018 में हर घर बिजली पहुंचा दी गयी, जिसे काफी कम पैसे में लोगों को दिया जा रहा था। लेकिन, अब हमलोगों ने इस साल तय कर दिया कि अब सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त में दी जायेगी, जिसे जुलाई माह से प्रारम्भ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 में हमलोगों ने तय किया था कि 10 लाख सरकारी नौकरी और 10 लाख रोजगार देंगे। 10 लाख सरकारी नौकरी दे दी गयी है और 10 लाख रोजगार बढ़ते-बढ़ते अब 39 लाख रोजगार हो गया है। इसको भी बढ़ा कर अब 50 लाख से भी ज्यादा करना है। अब हमलोगों ने तय कर दिया है कि आगामी 05 वर्षों में 01 करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जायेगा।
उन्होंने कहा कि 2025 के केन्द्रीय बजट में बिहार के लिए मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि देने की घोषणा की गई। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन का जिम्मा पहले 6 राज्यों को मिल चुका था। लेकिन, इस बार केन्द्र सरकार ने बिहार को यह जिम्मा दिया, जो गौरव की बात है।
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री जीतनराम मांझी, राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, चिराग पासवान, रामनाथ ठाकुर, नित्यानंद राय, सतीशचंद्र दुबे, राजभूषण चौधरी, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, राज्य सरकार के मंत्रीगण, सांसदगण, विधायकगण, विधान पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधिगण, गण्यमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Share this:

Latest Updates