Ranchi news : सेवन स्टार्स एकेडेमी, मंडप टोली, हेहल, रांची में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2025 को विद्यालय परिसर में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को योग के लाभ और महत्त्व के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और ‘ओम’ के उच्चारण से हुई, जिससे पूरे परिसर में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। विद्यालय के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा बच्चों को सूर्य नमस्कार, वज्रासन, ताड़ासन, भ्रामरी, अनुलोम-विलोम, जैसे विविध योगासन सिखाये गये। बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ योगाभ्यास किया।

विद्यालय के निदेशक डाॅक्टर बिन्देश्वर बेक ने इस अवसर पर कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करता है। हम चाहते हैं कि हमारे छात्र अपने जीवन में योग को अपनायें और एक स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हों।”
कार्यक्रम में कक्षा 01 से 12 तक के छात्रों के साथ-साथ शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ की भी सक्रिय भागीदारी रही। अंत में सभी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह आयोजन न केवल बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी सिद्ध हुआ, बल्कि मानसिक शांति और अनुशासन के महत्त्व को भी रेखांकित करता है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उप प्राचार्य रीतू प्रिया, प्रफुल्ल कुमार बिद, दीपा कुमारी, सूरज पटेल, अमर अमीप, सुरेश सिंह, दीक्षा श्रीवास्तव के साथ-साथ सभी शिक्षक, ऑफिस स्टाफ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।



