Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

युवा कांग्रेस ने सांसद निशिकांत दुबे के विवादित बयान के विरोध में किया प्रदर्शन

युवा कांग्रेस ने सांसद निशिकांत दुबे के विवादित बयान के विरोध में किया प्रदर्शन

New Delhi news : भारतीय युवा कांग्रेस ने भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के विवादित बयान के विरोध में रायसीना रोड स्थित संगठन के मुख्यालय के बाहर मंगलवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां थाम रखी थीं, जिन पर नारे लिखे हुए थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से निशिकांत दुबे को बर्खास्त करने की मांग की।

इस अवसर पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा देश के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट पर दिया गया बयान न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की नींव पर सीधा प्रहार है। भारतीय न्यायपालिका की स्वतंत्रता हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है और इसे किसी भी कीमत पर सुरक्षित रखना हमारा कर्तव्य है।

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा ने आरोप लगाया कि न्यायपालिका पर इस प्रकार के हमले लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की साजिश हैं। निशिकांत दुबे के बयान को उनका निजी बयान बता कर भाजपा ने अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश की है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि अगर भाजपा का इस बयान से कोई लेना-देना नहीं है, तो अभी तक निशिकांत दुबे के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गयी ?

अक्षय लाकड़ा ने कहा कि निशिकांत दुबे जैसे लोगों को इनके विवादित बयानों के लिए सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। ये सदन में महिला सांसदों से लेकर देश की जनता के लिए अपशब्दों का प्रयोग कर चुके हैं, लेकिन बस अब और नहीं। हम यह मांग करते हैं कि भाजपा अध्यक्ष और प्रधानमंत्री मोदी अपने सांसदों के इन बयानों के लिए देश की जनता और सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगें और भाजपा अगर सही में इन बयानों से कोई सरोकार नहीं रखती है, तो तुरंत ऐसे व्यक्ति को “कारण बताओ नोटिस” भेजे और अपनी पार्टी से बर्खास्त करे।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने निशिकांत दुबे का पुतला जलाया। प्रदर्शनकारी निशिकांत दुबे के आवास पर जाकर उन्हें संविधान की कॉपी भेंट करना चाहते थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया।

Share this:

Latest Updates