अमेठी : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के शुकुल बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक एम्बुलेंस आगे जा रही एक गाड़ी से टकरा गयी। इस हादसे में एम्बुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गयी और एक घायल हुआ है।पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
शुकुल बाजार के थानाध्यक्ष अभिनेष कुमार ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 59.7 किलोमीटर पर रविवार की सुबह करीब 5:30 बजे पिकअप वाहन में पीछे से आई तेज रफ्तार एम्बुलेंस घुस गयी। इस हादसे में एम्बुलेंस सवार छह लोगों में से चालक सहित पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। मृतकों की पहचान सरफराज निवासी नालहर हरियाणा, आबिद पुत्र हामिद फिरोजपुर, हरियाणा, राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश पुत्र अशोक शर्मा एवं रवि शर्मा पुत्र बलराम शर्मा निवासीगण रामभद्रपुर थाना कल्याणपुर जिला समस्तीपुर बिहार और पांचवां फुलो शर्मा रवि टोला थाना हथौड़ी जिला समस्तीपुर बिहार के रहनेवाले शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा एम्बुलेंस सवार शम्भु राय, पुत्र योगेश्वर राय निवासी पुरनाही थाना वारिसनगर समस्तीपुर बिहार गम्भीर रूप से घायल है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उधर, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम अभिनव कनौजिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को हरियाणा और बिहार में घटना की जानकारी दे दी गयी है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पुलिस ने हटवा कर यातायात बहाल करा दिया है।
यूपी के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में पांच की मौत, एक घायल

Share this:


