Dhanbad News: कतरास के रामकनाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार को हुई भू-धंसान की घटना में सात मजदूरों की मौत हुई है। जोरदार आवाज के साथ हुए इस हादसे में मां अम्बे आउटसोर्सिंग कम्पनी का मजदूरों से भरा एक सर्विस वाहन लगभग 400 फीट गहरी खाई में गिर गया था। शुक्रवार को ही रेस्क्यू टीम ने रेस्क्यू कर तीन शव को निकाल लिये थे।
शनिवार की सुबह एनडीआरएफ व माइंस रेस्क्यू धनसार की टीम अन्य लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। घंटों मशक्कत के बाद पानी से वाहन व अन्य चार लोगों के शव भी टीम ने निकाल लिये। शव निकलने के बाद टीम ने दोपहर 3.30 बजे रेस्क्यू कार्य बंद कर दिया। इस हादसे में कुल सात लोगों के शव बरामद किये गये हैं।



