नर्मदेश्वर एयरफोर्स वाइस चीफ बने, लेफ्टिनेंट शर्मा नॉर्दन आर्मी कमांडर होंगे
New Delhi news : पहलगाम हमले के बाद बने तनाव के बीच भारतीय सेना में बड़े बदलाव हुए हैं। एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी भारतीय वायुसेना के नये वाइस चीफ होंगे। वह 01 मई को एयर मार्शल सुजीत पुष्पाकर धारकर की जगह लेंगे। धारकर 30 अप्रैल को 40 साल से ज्यादा की सर्विस के बाद रिटायर्ड हो रहे हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा नॉर्दन आर्मी कमांडर बने हैं। वह लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचीन्द्र कुमार की जगह पद सम्भालेंगे। भारतीय सेना की नॉर्दन आर्मी के पास जम्मू-कश्मीर के पश्चिम में लाइन ऑफ कंट्रोल और पूर्व में लद्दाख से लगनेवाली चीन बॉर्डर की रक्षा की जिम्मेदारी होती है। इनके अलावा, तीनों सेनाओं के कॉर्डिनेशन के लिए बने इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में भी नये चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी की नियुक्ति होगी। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित 01 मई से चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी पद का कार्यभार सम्भालेंगे। वह 30 अप्रैल को रिटायर्ड होने वाले लेफ्टिनेंट जनरल जेपी मैथ्यू की जगह लेंगे।
आतंकी हमला प्रकरण के बाद की कुछ गतिविधियां
– भारत ने मंगलवार को पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के एक्स हैंडल पर रोक लगा दी है। पहलगाम हमले के बाद ख्वाजा आसिफ का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने स्वीकार किया था कि पाकिस्तान लम्बे अरसे से आतंकी संगठनों को फंडिंग करता आ रहा है।
– पहलगाम हमले में आज इंटेलिजेंस एजेंसियों ने बड़ी जानकारी दी। इंटेलिजेंस एजेंसियों के सूत्रों ने बताया कि हमले का मास्टरमाइंड पाकिस्तान का पूर्व एसएसजी कमांडर हाशिम मूसा है। मूसा अभी लश्कर-ए-तैयबा के लिए काम कर रहा है।
– एनआईए ने पहलगाम की बायसरन घाटी में आतंकी हमले के सीन री-क्रिएशन किया।
– अटारी-बाघा बॉर्डर से 104 पाकिस्तानी नागरिक वापस भेजे गये।
– महाराष्ट्र सरकार मृतकों के आश्रितों को 50 लाख रुपये और नौकरी देने का एलान किया।
– राजस्थान में पाकिस्तानी हैकर्स ने शिक्षा विभाग की वेबसाइट हैक की, लिखा – अगला हमला टेक्नोलॉजी से होगा।



