Ranchi news : रांची के पुराना विधानसभा मैदान में 06 मई को कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली आयोजित होगी। पूर्व में इस रैली की तिथि 03 मई को तय थी। रैली की तिथि में फेरबदल की जानकारी प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मंगलवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने कहा कि पार्टी की रैली में अखिल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल होंगे। महतो ने कहा कि रैली के बाद प्रदेश कांग्रेस की विस्तारित कार्यसमिति की बैठक भी होगी। इसमें मल्लिकार्जुन और केसी वेणुगोपाल भी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यसमिति में पहली बार आयेंगे पार्टी के अध्यक्ष
उन्होंने कहा कि यह झारखंड कांग्रेस के लिए खुशी की बात है कि राज्य गठन के बाद पहली बार प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल होंगे। पार्टी के लिए यह गौरवपूर्ण क्षण होगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में संविधान बचाओ रैली ऐतिहासिक होगी। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता सहित आम जनता में उत्साह है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के प्रति राज्य की जनता जागरूक है। जनता संविधान की रक्षा की इस लड़ाई में पूरी तरह से हमारे साथ खड़ी है। कांग्रेस आम लोगों के अधिकारों का दमन नहीं होने देगी। संविधान रक्षा की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जायेगी।
मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पौल मुजनी, मुख्य प्रवक्ता किशोर शाहदेव और सोनाल शांति सहित अन्य मौजूद थे।



