- प्रधानमंत्री 21 जून को आंध्र प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल
नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के अमरावती में 58 हजार करोड़ रुपये की सड़क, रक्षा, रेलवे और औद्योगिक अवसंरचना के विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं आंध्र प्रदेश की आकांक्षाओं और विकसित भारत की आशाओं का मजबूत आधार हैं।
आंध्र प्रदेश के लोगों को बधाई देने के लिए तेलुगु में बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अमरावती सिर्फ़ एक शहर नहीं है, बल्कि यह एक शक्ति है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शुरू की गयीं परियोजनाएं आंध्र प्रदेश की महत्त्वाकांक्षाओं और विकसित भारत के व्यापक दृष्टिकोण दोनों के लिए एक मजबूत नींव रखेंगी। स्वर्ण आंध्र विकसित भारत की राह को मजबूत करेगा और अमरावती स्वर्ण आंध्र के विजन को ऊर्जा देगी। अमरावती एक ऐसा शहर बनने जा रहा है, जहां युवाओं के सपने पूरे होंगे। अमरावती सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा, स्वच्छ उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में एक अग्रणी शहर के रूप में उभरेगा। केन्द्र सरकार इन क्षेत्रों के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा प्रदान करने के लिए राज्य सरकार को सभी प्रकार की सहायता प्रदान कर रही है।
प्रधानमंत्री ने संयुक्त आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नंदमुरी तारक रामाराव को याद करते हुए कहा कि एनटीआर गारु ने एक जीवंत और विकसित आंध्र प्रदेश का सपना देखा था। हमें मिल कर अमरावती और आंध्र प्रदेश को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाना है। एनटीआर गारु के सपने को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने अपने भौतिक, डिजिटल और सामाजिक बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष बल दिया है। भारत आज दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां का इंफ्रास्ट्रक्चर तेज गति से आधुनिक हो रहा है। इसका फायदा आंध्र प्रदेश को भी मिल रहा है। आज भी राज्य में हजारों करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं का शुभारम्भ हुआ है।
प्रधानमंत्री ने दुनिया के विकसित देशों में रेलवे की भूमिका को महत्त्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने रेलवे में उल्लेखनीय परिवर्तन किये हैं। सरकार ने रेलवे के लिए रिकॉर्ड धनराशि आवंटित की है। वर्ष 2009 से 2014 के बीच आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का संयुक्त रेल बजट 900 करोड़ रुपये से भी कम था। इसके विपरीत आज अकेले आंध्र प्रदेश का मौजूदा रेल बजट 9,000 करोड़ रुपये से भी अधिक है, जो कि दस गुना से भी अधिक है।
उन्होंने कहा कि आज भारत की ताकत केवल हथियार ही नहीं हैं, बल्कि हमारी एकता भी है। एकता का यही भाव हमारे यूनिटी मॉल (एकता मॉल) में मजबूत होता है। देश के अनेक शहरों में एकता मॉल बनाए जा रहे हैं। विशाखापट्टनम में भी एकता मॉल बनेगा। इसमें देशभर के कारीगरों और हस्तशिल्पियों के उत्पाद एक ही छत के नीचे मिलेंगे। ये देश को जोड़ने के साथ ही लोकल इकोनॉमी को गति देगा।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के अनुरोध पर प्रधानमंत्री मोदी ने 21 जून को विशाखापत्तनम में आयोजित होनेवाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेने पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रमुख कार्यक्रम 21 जून को आंध्र प्रदेश में होगा। वह स्वयं इस दिन आंध्र के लोगों के साथ योग करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे विश्व में योग के प्रति आकर्षण है। इस बार पूरी दुनिया 21 जून को आंध्र की तरफ देखेगी।
00000000000000
वरिष्ठ नागरिक अतीत से जुड़ने की कड़ी और भविष्य के मार्गदर्शक होते हैं : राष्ट्रपति
नयी दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को कहा कि वरिष्ठ नागरिक अतीत से जुड़ने की कड़ी होते हैं और भविष्य के मार्गदर्शक भी होते हैं। हमें उनके मार्गदर्शन को महत्व देना चाहिए और उनकी मूल्यवान संगति का आनन्द लेना चाहिए।
राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केन्द्र में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए पहल ‘एजिंग विद डिग्निटी’ नामक कार्यक्रम में भाग लिया। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक कल्याण पोर्टल का शुभारम्भ, वरिष्ठ नागरिक गृहों का वर्चुअल उद्घाटन, सहायक उपकरणों का वितरण के साथ ही सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा ब्रह्माकुमारीज संगठन के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये गये। वरिष्ठ नागरिक कल्याण पोर्टल वरिष्ठ नागरिकों के लिए वन-स्टेप डिजिटल प्लेटफार्म के रूप में काम करेगा।
इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक अतीत से जुड़ने की कड़ी हैं और भविष्य के मार्गदर्शक भी होते हैं। एक राष्ट्र के रूप में यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम यह सुनिश्चित करें कि हमारे वरिष्ठ नागरिक वृद्धावस्था का समय सम्मान और सक्रियता के साथ बितायें। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि सरकार विभिन्न पहलों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सशक्त बना रही है, ताकि वे जीवन के सभी पहलुओं में सक्रिय रूप से भाग ले सकें। उन्होंने सभी नागरिकों से बुजुर्गों की खुशी और कल्याण के लिए खुद को प्रतिबद्ध करने, उनके मार्गदर्शन को महत्त्व देने और उनकी बहुमूल्य संगति का आनन्द लेने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि माता-पिता और बड़ों का सम्मान करना हमारी संस्कृति का हिस्सा है। आमतौर पर परिवारों में देखा जाता है कि बच्चे अपने दादा-दादी और नाना-नानी के साथ बहुत खुश रहते हैं। बुजुर्ग परिवार के लिए भावनात्मक स्तम्भ के रूप में काम करते हैं। बुजुर्ग जब अपने परिवार को फलता-फूलता देखते हैं, तो उनका शरीर और मन स्वस्थ रहता है।
राष्ट्रपति ने कहा कि आज की प्रतिस्पर्धात्मक और भागदौड़ भरी जिन्दगी में हमारी युवा पीढ़ी के लिए वरिष्ठ नागरिकों का साथ, प्रेरणा और मार्गदर्शन अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। वरिष्ठ नागरिकों के पास जो अनुभव और ज्ञान है, वह युवा पीढ़ी को जटिल चुनौतियों का सामना करने में मदद कर सकता है। वृद्धावस्था आध्यात्मिक रूप से खुद को सशक्त बनाने, अपने जीवन और कार्यों का विश्लेषण करने और सार्थक जीवन जीने का भी एक चरण है। आध्यात्मिक रूप से सशक्त वरिष्ठ नागरिक देश और समाज को अधिक समृद्धि और प्रगति की ओर ले जा सकते हैं।
000000000000000000000
।
0000000000000000
आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता की आवश्यकता : लोकसभा अध्यक्ष
नयी दिल्ली : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि आतंकवाद की समस्या से निपटने के लिए सभी लोकतांत्रिक देशों को एकजुट होकर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह टिप्पणी जापान के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के स्पीकर नुकागा फुकुशिरो के साथ बैठक के दौरान की। फुकुशिरो ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निन्दा करते हुए भारत की लड़ाई में जापान के समर्थन की पुष्टि की। इस अवसर पर बिरला ने भारत और जापान की मित्रता को विश्व शांति और समृद्धि के लिए महत्त्वपूर्ण बताया और दोनों देशों के बीच क्वाड, जी-20 और अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग की बात की।
उन्होंने जापान में भारतीय कुशल कर्मियों के अवसरों का स्वागत किया और बौद्ध धर्म के प्रति साझा विरासत को भी रेखांकित किया। बिरला ने भारत के संविधान की भूमिका, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्त्व पर भी चर्चा की। इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और अन्य सांसद मौजूद थे।
0000000000000000



