Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

राजस्व कर्मचारी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते एसीबी ने किया गिरफ्तार

राजस्व कर्मचारी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते एसीबी ने किया गिरफ्तार

कोडरमा : भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की टीम ने शुक्रवार को कोडरमा सीओ कार्यालय परिसर से राजस्व कर्मचारी सुरेन्द्र प्रसाद को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार आवेदक बहादुर राणा बेकोबार निवासी ने इस सम्बन्ध में ब्यूराे काे लिखित शिकायत की थी कि पांच एकड़ 62 डिसमिल जमीन पंजी 2 में चढ़ाने और खाता संख्या 294 रकवा 91 डिसमिल जमीन का प्लॉट ऑनलाइन चढ़ाने एवं रसीद निर्गत करने का आदेश देने के लिए अंचल अधिकारी कोडरमा को 19 जनवरी 2023 को आवेदन दिया था। कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो बहादुर राणा ने 18 फरवरी 2025 को उपायुक्त कोडरमा को मामले के सम्बन्ध में आवेदन दिया। जब बहादुर राणा अपनी जमीन से सम्बन्धित काम के लिए राजस्व कर्मचारी सुरेन्द्र प्रसाद से मिले, तो उन्होंने कहा कि आपका बहुत जमीन का काम है, आपको 50 हजार देना होगा, तभी आपका काम होगा। बहादुर राणा रिश्वत देना नहीं देना चाहते थे। इस सम्बन्ध में उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के लिए एसीबी हजारीबाग को आवेदन दिया। इसके बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया। जांच में आरोपित की ओर से आवेदक से 45 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप सही पाया गया । प्रथम किस्त के रूप में 10 हजार 02 मई को मांग की गयी। एसीबी की हजारीबाग की टीम ने आरोपित सुरेन्द्र प्रसाद को 10 हजार रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी टीम का नेतृत्व एसीबी इंस्पेक्टर विजय कुमार कर रहे थे।

00000000000000000

लातेहार के महुआडांड़ की ओरसा पंचायत में उग्रवादियों का तांडव

सड़क निर्माण से जुड़े मुंशी की गोली मार कर हत्या

 – जेसीबी व ग्रेडर मशीन में भी लगायी आग

  • दर्जनभर हथियारबंद उग्रवादियों ने गांव पर बोला धावा
  • उग्रवादियों ने गांव में दो घंटे तक मचाया उत्पात

फोटो : 6 

महुआडांड़/लातेहार : जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र स्थित ओरसा पंचायत में उग्रवादियों ने दहशत फैलाने वाली वारदात को अंजाम दिया। करीब एक दर्जन की संख्या में अज्ञात हथियारबंद उग्रवादियों ने गांव पर धावा बोला, जहां उन्होंने सड़क निर्माण कार्य से जुड़े एक मुंशी की गोली मार कर हत्या कर दी और निर्माण कार्य में लगी जेसीबी व ग्रेडर मशीन को आग के हवाले कर दिया।घटना के दौरान उग्रवादियों ने गांव में दो घंटे तक उत्पात मचाया। मृतक की पहचान ओरसा निवासी अयूब अहमद (60) के रूप में हुई है, जो बीते दो वर्षों से मुंशी के रूप में कार्यरत थे। 
बताया गया कि रात करीब आठ बजे उग्रवादी उनके घर पहुंचे और उन्हें घर से सौ मीटर दूर ले जाकर चार गोलियां मार दीं। घटनास्थल से चार इंसास रायफल के खोखे बरामद हुए हैं। उग्रवादियों ने मृतक के घर के सामने खड़ी जेसीबी और ग्रेडर मशीन से तेल निकाल कर दोनों में आग लगा दी। जेसीबी व ग्रेडर मशीन ठेकेदार मनोज जायसवाल की बतायी जा रही है, जबकि मृतक ठेकेदार मनोज सिंह के अधीन काम कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी शिवपूजन बहेलिया, थाना प्रभारी मनोज कुमार व छत्तीसगढ़ के सामरी थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों ने ठेकेदार को बुलाने की मांग की। इसके बाद काफी समझाने-बुझाने पर शव को लातेहार भेजा गया। मृतक की पत्नी सलेहा बीबी ने घटना की दर्दनाक कहानी सुनाते हुए बताया कि तीन काली वर्दीधार लोग घर में घुसे और पति को जबरन बाहर ले गये। उन्हें अंदर कर दरवाजा बंद कर दिया गया। उग्रवादियों ने गांव के कुछ और लोगों को भी कब्जे में लेकर निर्माण कार्य में लगी मशीनों में आगजनी की। इस बीच ओरसा पंचायत के उप मुखिया वकील अहमद ने बताया कि रास्ते में उग्रवादियों ने उन्हें रोका, मोबाइल बंद कराया, मारपीट की और पंचायत में कार्यरत ठेकेदारों की जानकारी ली। बाद में अयूब अहमद को अपने साथ ले गये। थोड़ी देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी और कुछ समय बाद अयूब अहमद का शव मिला। पुलिस ने इस घटना को लेवी वसूली से जोड़ कर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक किसी संगठन ने घटना की जिम्मेदारी नहीं ली थी और न ही घटनास्थल से कोई परचा बरामद हुआ है। डीएसपी शिवपूजन बहेलिया ने कहा कि सभी बिन्दुओं पर गम्भीरता से जांच की जा रही है।

0000000000000000000000

झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक 07 को

रांची : झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक 07 मई को होगी। यह बैठक प्रोजेक्ट भवन के सभागार में होगी। बैठक में राज्य के कई महत्त्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगायी जायेगी। यह जानकारी मंत्रिमंडल सचिवालय और निगरानी विभाग (समन्वय) ने शुक्रवार को दी। बैठक मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में होगी।

Share this:

Latest Updates