▪︎ सड़क के किनारे मक्के के ढेर पर चढ़कर अनियंत्रित हुई स्कार्पियो
▪︎ बरात जाने के दौरान हुई दुर्घटना, मरने वाले सभी पूर्णिया जिले के
Katihar News: कुरसेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत एसएच 77 पर दियारा चांदपुर टीकापट्टी बजरंगबली मंदिर के समीप बरात जा रही स्कार्पियो व ट्रैक्टर की टक्कर में सोमवार देर रात को नौ लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल है। ग्रामीणों ने बताया कि देर रात करीब एक बजे सड़क किनारे खड़े मक्का लदे ट्रैक्टर से अनियंत्रित स्कार्पियो की टक्कर हो गई थी। आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद दो लोगों को गंभीर स्थिति में समेली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। यहां से बेहतर उपचार के लिए इन्हें रेफर कर दिया गया, लेकिन एक व्यक्ति की रास्ते में ही मौत हो गई।
बरात पूर्णिया जिले के बरहरा कोठी प्रखंड के डिबरा बाजार से कुरसेला के समीप कोसकीपुर गांव जा रही थी। ग्रामीणों ने बताया कि दियारा चांदपुर पुल समीप सड़क पर रखे मक्के के ढेर पर चढ़कर स्कार्पियो अनियंत्रित हो गई थी। इसके बाद यह सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई। इस घटना में स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। इस घटना में प्रिंस कुमार (20), ज्योति कुमार (ṇ16), शिको कुमार (25), अजय कुमार (25), टुनटुन मंडल (28), रूपेश मंडल (12), धीरज पोद्दार (32), राधा मंडल (36) और उदय कुमार (25) की मौत हुई है। अभिषेक कुमार (26) गंभीर रूप से घायल है। सभी मृतक व घायल पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी प्रखंड क्षेत्र स्थित डिबरा बाजार से हैं। मालूम हो कि सड़क पर किसानों द्वारा मक्का सुखाने व मक्का लोड करने के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। प्रशासनिक स्तर से इन किसानों पर कभी कड़ी कार्रवाई नहीं की जाती है।



