New Delhi news : राज्यसभा विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक पत्र लिख कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से तुरन्त संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर अपना आग्रह व्यक्त किया था। कांग्रेस के दोनों नेताओं ने यह मांग हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम की घोषणा के संदर्भ में उठायी है।
राज्यसभा विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने पत्र में कहा, ‘सभी विपक्षी पार्टियों ने विशेष सत्र की मांग की है, ताकि हम इन महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर सकें।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समय एकजुटता दिखाने का है और सरकार को गम्भीरता से इस मांग पर विचार करना चाहिए। खड़गे ने कहा कि देशहित में यह आवश्यक है कि सभी राजनीतिक दल मिल कर काम करें।
इससे पहले कल लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर अपना आग्रह व्यक्त किया था। उन्होंने अपने पत्र में कहा, ‘यह जरूरी है कि लोग और उनके प्रतिनिधि पहलगाम आतंकवादी हमले, ‘आपरेशन सिन्दूर’ और हाल के संघर्ष विराम पर चर्चा करें।’ राहुल गांधी ने यह भी कहा था, ‘इस अवसर का उपयोग हमारे सामूहिक संकल्प को प्रदर्शित करने के लिए किया जाना चाहिए।’
इस बीच, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने केन्द्र सरकार को समर्थन दिया है। कल के घटनाक्रम को लेकर उन्होंने कुछ सवाल उठाये। उन्होंने पूछा कि क्या भारतीय सरकार ने अमेरिका की मध्यस्थता स्वीकार की है। पायलट ने कहा, ‘यह पहली बार हुआ है जब अमेरिका ने संघर्ष विराम की घोषणा की है।’



