New Delhi News : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि 50 वर्ष पहले सिक्किम ने लोकतांत्रिक भविष्य चुना था और यह प्रदेश देश की आत्मा से जुड़ गया। आज देश सिक्किम की प्रगति का साक्षी है और अब जैव विविधता, सांस्कृतिक समृद्धि और शत-प्रतिशत आॅर्गेनिक राज्य के रूप में यह राज्य देश का गौरव बन चुका है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज वर्चुअल माध्यम से ‘सिक्किम@50‘ कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए एकजुटता, संतुलित विकास और पूर्वोत्तर के सशक्तीकरण का संदेश दिया। ‘जहां प्रगति मिलती है उद्देश्य से, वहां प्रकृति करती है विकास का पोषण’ विषय पर आधारित यह कार्यक्रम सिक्किम के राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित हुआ।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में पहलगाम का भी जिक्र किया और कहा कि पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला सिर्फ भारतीयों पर नहीं, बल्कि मानवता की आत्मा और भाईचारे की भावना पर हमला था। यह हमारे सांस्कृतिक एकता और सामाजिक तानेबाने को तोड़ने की साजिश थी। आतंकियों ने मासूम परिवारों की खुशियां छीनीं, लेकिन भारत ने एकजुट होकर जवाब दिया। ‘आॅपरेशन सिन्दूर‘ के जरिये हमने न सिर्फ आतंकियों को सबक सिखाया, बल्कि पूरी दुनिया को अपनी सटीक और तेज कार्रवाई की क्षमता भी दिखाई।
वर्चुअल माध्यम से ‘सिक्किम@50’ कार्यक्रम को पीएम ने किया सम्बोधित कहा- राज्य की प्रगति बन रही देश का गौरव

Share this:


