उज्जैन न्यूज़ : अंतर्राष्ट्रीय मूर्ख दिवस के अवसर पर हर वर्ष की तरह अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन के तत्वावधान में टेपा सम्मेलन-2026 का उज्जैन में धूमधाम से आयोजन किया गया। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय हास्य कवि शंभू शिखर को इस वर्ष के टेपा सम्मान से सम्मानित किया गया।
पिछले 53 वर्षों से यह आयोजन हो रहा है
उल्लेख्य है कि पिछले 53वर्षों से निरंतर इसका आयोजन किया जाता है जिसमें हास्य-व्यंग्य, सिनेमा और साहित्य की प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया जाता है। भारत में इसे हास्य-व्यंग्य का सबसे बड़े सम्मान में माना जाता है।
इन कवियों को भी किया जा चुका है सम्मानित
अभी तक पद्मश्री अशोक चक्रधर, पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा ,जैमिनी हरियाणवी, शैल चतुर्वेदी, हुल्लड़ मुरादाबादी, माणिक वर्मा और प्रदीप चौबे ,अरुण जैमिनि और शैलेश लोढ़ा जैसी प्रसिद्ध हस्तियां इस पुरस्कार से सम्मानित की जा चुकी हैं। 2026 का यह सम्मान शंभू शिखर को प्रदान किया गया है। वह युवा पीढ़ी के हास्य कवियों में इस सम्मान से नवाज़े जाने वाले पहले कवि हैं।

टेपा सम्मेलन के संस्थापक थे शिव कुमार
उल्लेख्य है कि टेपा सम्मेलन के संस्थापक जाने माने व्यंग्यकार स्व, शिव कुमार रहे हैं। अखिल भारतीय टेपा सम्मेलन के सचिव मनीष शर्मा ने चयन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि हास्य-व्यंग्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए चयन समिति ने शंभू शिखर का चयन किया है।
सम्मान के साथ 1,21,000 रुपये का चेक भी शम्भू शिखर को प्रदान किया गया
उज्जैन के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ दिनेश दिग्गज ने बताया कि इसबार लोकप्रियता और मंचीय स्तर को देखते हुए शम्भू शिखर का नाम आगे बढ़ाया गया था। जिसे सभी ज्यूरी सदस्यों ने सर्व सम्मति से स्वीकार किया। सम्मान राशि 1,21,000 रुपये का चेक भी शम्भू शिखर को प्रदान किया गया ।



