Guwahati news : सेना की गजराज कोर मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना पर असम पुलिस की स्पेशल ब्रांच और स्पेशल टास्क फोर्स ने कार्रवाई करते हुए फर्जी सिम कार्ड रैकेट का पर्दाफाश किया। इस आशय की जानकारी शनिवार को असम के पुलिस के महानिदेशक हरदीप सिंह ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि रैकेट असम, राजस्थान और तेलंगाना में सक्रिय था। सूचना को कार्रवाई योग्य इनपुट में बदलने के बाद आपरेशन घोस्ट सिम की योजना बनायी गयी। यह आपरेशन असम के धुबड़ी और मोरीगांव, तेलंगाना के संगारेड्डी और राजस्थान के भरतपुर एवं अलवर जिलों में 16 मई की दोपहर से शुरू किया गया। इससे पहले 14 मई को एसटीएफ थाना, असम में मामला दर्ज किया गया था। केस नम्बर एसटीएफ पीएस 02/2025, धाराएं 61(2)/ 147/ 148/62 बीएनएस, धारा 18 यूएपीए एक्ट और धारा 66 आईटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया। आॅपरेशन के तहत अलग-अलग स्थानों से 07 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में सद्दीक (47, बेला, थाना सिकरी, भरतपुर, राजस्थान), आरिफ खान (20, साहोरी का बार, अलवर, राजस्थान), साजिद (21, साहोरी का बार, थाना अकबरपुर, अलवर, राजस्थान) तथा अकीक (25, रोजकी, भरतपुर, राजस्थान) के साथ ही गुवाहाटी एयरपोर्ट से अरसद खान (34, पेंदका, थाना नगर, भरतपुर, राजस्थान), नयी दिल्ली एयरपोर्ट से मोफिजुल इस्लाम (19, कथालडी पार्ट-कक, थाना बिलासीपारा, धुबड़ी, असम), गोल्लापल्ली, संगारेड्डी, तेलंगाना से जकारिया अहमद (24, सगुनमारी पार्ट-कश्, थाना बिलासीपारा, धुबड़ी, असम) को गिरफ्तार किया गया। धुबरी जिले से 14 अन्य व्यक्तियों को भी हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपितों से 948 सिम कार्ड और अन्य तकनीकी उपकरण जब्त किये गये हैं। पूरे मामले की जांच जारी है।
आपरेशन ‘घोस्ट सिम’ में फर्जी सिम रैकेट का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार, 21 हिरासत में

Share this:


