Jammu News: पाकिस्तानी सेना ने बुधवार को जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास अग्रिम गांवों को निशाना बना कर भारी तोपखाने और मोर्टार से गोलाबारी की, जिसमें 04 बच्चों समेत कम से कम 12 लोगों की मौत हो गयी और 57 घायल हो गये हैं। भारतीय सेना गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रही है, जिसमें पाकिस्तान के कई लोग हताहत हुए हैं और उनकी कई चौकियां नष्ट हो गयी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले का बदला लेने के लिए मंगलवार-बुधवार की रात को हुए ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ के बाद पाकिस्तानी सेना ने सुबह एलओसी के पास अग्रिम गांवों को निशाना बना कर भारी तोपखाने और मोर्टार से गोलाबारी की। हालांकि, भारतीय सेना गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रही है, जिसमें दुश्मन पक्ष के कई लोग हताहत हुए हैं और गोलीबारी में शामिल उनकी कई चौकियां नष्ट हो गयी हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी गोलाबारी से सबसे ज्यादा नुकसान पुंछ जिले में हुआ है, जहां 12 नागरिक मारे गये हैं और 42 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कुछ की हालत गम्भीर बतायी गयी है। पाकिस्तान की ओर से की गयी अंधाधुंध गोलाबारी से सीमावर्ती इलाकों में रहनेवाले लोगों में दहशत फैल गयी है, जिन्हें मजबूरन भूमिगत बंकरों में शरण लेनी पड़ी है या अपने गांवों के अंदर या बाहर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। उन्होंने बताया कि पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास बालाकोट, मेंढर, मनकोट, कृष्णा घाटी, गुलपुर, केरनी और पुंछ जिला मुख्यालय से भी गोलाबारी की खबर मिली है, जिससे दर्जनों रिहायशी घरों को नुकसान पहुंचा है।
अधिकारियों के मुताबिक पाकिस्तानी गोलाबारी में बलविंदर कौर उर्फ रूबी (33), मोहम्मद जैन खान (10), उनकी बड़ी बहन जोया खान (12), मोहम्मद अकरम (40), अमरीक सिंह (55), मोहम्मद इकबाल (45), रंजीत सिंह (48), शकीला बी (40), अमरजीत सिंह (47), मरियम खातून (7), विहान भार्गव (13) और मोहम्मद रफी (40) की मौत हुई है। बारामुला जिले के उरी सेक्टर में सीमा पार से गोलाबारी में पांच नाबालिग बच्चों सहित 10 लोग घायल हो गये, जबकि राजौरी जिले में तीन अन्य घायल हो गये। कुपवाड़ा जिले के करनाह सेक्टर में गोलाबारी के कारण कई घरों में आग लग गयी। दोपहर तक सीमा पार से गोलाबारी तेज रही और बाद में रुक-रुक कर जारी रही, जो ज्यादातर पुंछ सेक्टर तक ही सीमित रही। अधिकारियों ने बताया कि भारी गोलाबारी के कारण स्थानीय लोगों को पीड़ितों को अस्पताल पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुंछ बस स्टैंड पर भी गोलाबारी हुई है, जिससे कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गये हैं।
रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि 06 और 07 मई की रात के दौरान पाकिस्तानी सेना ने जम्मू और कश्मीर के सामने नियंत्रण रेखा पार चौकियों से तोपखाने की गोलाबारी सहित मनमानी गोलीबारी का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना आनुपातिक तरीके से जवाब दे रही है। जवाबी कार्रवाई में भारतीय सैनिकों ने दुश्मन सेना की कई चौकियों को नष्ट कर दिया, जिससे कई सैनिक हताहत हुए हैं। सूत्रों ने बताया कि अंतिम रिपोर्ट मिलने तक पुंछ सहित कुछ सेक्टरों में दोनों पक्षों के बीच सीमा पार से गोलीबारी जारी थी।
सीमावर्ती गांवों में पाकिस्तानी सेना की भारी गोलाबारी, 12 लोगों की मौत

Share this:


