सुबह 5.21 बजे केदारनाथ से टेकऑफ हुआ था आर्यन का हेलीकॉप्टर, खराब मौसम को बताया जा रहा है हेलीकॉप्टर दुर्घटना का कारण
New Delhi/Rudraprayag News : केदारनाथ से गुप्तकाशी लौट रहा हेलीकॉप्टर गौरीकुंड के ऊपरी तरफ गौरी माई खर्क में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 23 माह की बालिका सहित 07 लोगों की मौत हो गयी। खराब मौसम को हेलीकॉप्टर दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर शवों को बरामद किया।
रविवार सुबह 5.21 बजे केदारनाथ हेलिपैड से आर्यन हेली कम्पनी के हेलीकॉप्टर ने छह यात्रियों के साथ गुप्तकाशी के लिए टेकऑफ किया था। करीब 04 मिनट बाद यह हेलीकॉप्टर गौरीकुंड के ठीक ऊपर गौर माई खर्क में खराब मौसम के कारण एक पेड़ से टकरा गया। हादसे में पायलट सहित हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह यात्रियों की मौके पर मौत हो गयी।
हादसे में मरनेवालों में राजकुमार सुरेश जायसवाल (41) निवासी नंदीपेरा रोड सैन मंदिर महाराष्ट्र, श्रद्धा सुरेश जयसवाल (35), काशी (23 महीने) पुत्री राजकुमार सुरेश जायसवाल, विक्रम सिंह रावत (46) निवासी रांसी गांव पो. ऊखीमठ रुद्रप्रयाग, पायटल कैप्टर राजीव, राजस्थान, विनोद देवी (66), निवासी बिजनौर यूपी और तुष्टि सिंह (19) शामिल हैं।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू में जुट गये। सभी शवों को बरामद किया गया। घटनास्थल पर हेलीकॉप्टर का मलबा पड़ा है, जो बुरी तरह से जला हुआ है।
केदारनाथ यात्रा हेलीकॉप्टर सेवा नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर अचानक पेड़ से टकरा गया, जिससे यह हादसा हुआ है। घटना के बारे में सभी के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
इधर, जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार ने बताया कि दुर्घटना में मारे गये लोगों के शव का पंचनामा भर कर अग्रिम कार्रवाई अमल में लायी जा रही है।
बता दें कि केदारनाथ यात्रा में इस वर्ष यह तीसरी दुर्घटना है। इससे पूर्व 17 मई को एम्स ऋषिकेश की हेली एम्बुलेस संजीवनी की केदारनाथ के पास इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। इस दौरान हेलीकॉप्टर का टेल रोटर भी क्षतिग्रस्त हो गया था। वहीं, बीते 7 जून को बडासू से केदारनाथ के लिए टेकआऑफ करते समय क्रिस्टल कम्पनी के हेलीकॉप्टर की रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। इस दौरान हेलीकॉप्टर में पायलट सहित छह लोग सवार थे।



