- पित्रोदा के बयान से घिरी कांग्रेस, बीजेपी का पलटवार; कहा : कांग्रेस देश के हितों को नुकसान पहुंचा रही
New delhi: लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के अंकल सैम उर्फ सैम पित्रोदा अपने दिये बयान से फिर सुर्खियों में है। उन्होंने मोदी सरकार को पड़ोसी देशों के साथ रिश्ते सुधारने की सलाह दी है। पित्रोदा ने कहा कि वह पाकिस्तान गये थे और उन्हें वहां घर जैसा महसूस हुआ। उनके बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। भारतीय जनता पार्टी ने सैम पित्रोदा के बयान पर कांग्रेस की घेराबंदी कर कहा कि कांग्रेस देश के हितों को नुकसान पहुंचा रही है।
पूरा मामला तब सामने आया जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सैम पित्रोदा ने मोदी सरकार से कहा कि वह अपने पड़ोसी देशों से बातचीत को प्राथमिकता दे। उन्होंने कहा कि भारत को अपने आसपास के देशों, जैसे पाकिस्तान से रिश्ते मजबूत करना चाहिए। ये सब छोटे देश हैं, इन्हें मदद की जरूरत है। ये सभी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं और लड़ने की कोई जरूरत नहीं है। इतना ही नहीं, अंकल सैम ने कहा कि मुझे लगता है हमारी विदेश नीति में सबसे पहले हमारे पड़ोसियों पर ध्यान देना चाहिए। क्या हम अपने पड़ोसियों के साथ अपने रिश्ते बेहतर कर सकते हैं? उन्होंने कहा कि हां, आतंकवाद एक समस्या है। लेकिन आखिर में, इस पड़ोस में, हमारा जीन पूल एक जैसा है। सैम ने कहा कि मैं पाकिस्तान गया था, और मुझे कहना होगा, मुझे घर जैसा महसूस हुआ। मैं बांग्लादेश, नेपाल भी गया, और मुझे घर जैसा लगता है। मुझे नहीं लगता कि मैं किसी विदेशी देश में हूं। वहां के लोग मेरे जैसे दिखते हैं, मेरी तरह बात करते हैं, मेरे गाने पसंद करते हैं, मेरा खाना खाते हैं। इसलिए, मुझे उनके साथ शांति और सद्भाव से रहना सीखना चाहिए। यह मेरी पहली प्राथमिकता है।
पित्रोदा के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस देश के हितों को कमजोर कर रही है। प्रवक्ता भंडारी ने कांग्रेस पर 26/11 हमले के बाद भी पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के चहेते और कांग्रेस ओवरसीज के प्रमुख सैम पित्रोदा कहते हैं कि उन्हें पाकिस्तान में घर जैसा महसूस हुआ। इस कारण यूपीए सरकार ने 26/11 के बाद भी पाकिस्तान के खिलाफ कोई सख्त एक्शन नहीं लिया।



