▪︎ मुठभेड़ में 05 लाख का इनामी मनीष यादव ढेर
▪︎ 10 लाख का इनामी कुंदन खेरवार गिरफ्तार
Mahuadand/ Latehar : जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता मिली है। रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें 05 लाख रुपये का इनामी नक्सली कमांडर मनीष यादव मारा गया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 10 लाख का इनामी नक्सली कुंदन खेरवार को गिरफ्तार किया है। घटना महुआडांड थाना क्षेत्र के करमखाड़ और दौना के बीच के घने जंगलों में घटी, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मनीष यादव अपने दस्ते के साथ सक्रिय है। सूचना के आधार पर जिला पुलिस और विशेष बलों की संयुक्त टीम ने जंगल में घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया। इसी दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें मनीष यादव मारा गया।
मौके से अत्याधुनिक हथियार बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से दो अत्याधुनिक एक्स.95 आॅटोमेटिक राइफल भी बरामद की हैं। इस कार्रवाई की पुष्टि पलामू डीआईजी वाईएस रमेश ने की है। उन्होंने बताया कि इलाके में फिलहाल सर्च आॅपरेशन जारी है, ताकि अन्य नक्सलियों का भी पता लगाया जा सके।
दो दिन पहले भी मारे गये थे दो इनामी नक्सली
गौरतलब है कि इसी जिले में दो दिन पूर्व पुलिस ने जेजेएमपी (झारखंड जनमुक्ति परिषद) के सुप्रीमो पप्पू लोहरा और सबजोनल कमांडर प्रभात गंझू को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था। पप्पू लोहरा पर 10 लाख और प्रभात पर 05 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
लगातार मिल रहीं सफलताओं से उत्साहित पुलिस
लगातार मिल रहीं सफलताओं से पुलिस का मनोबल उच्च स्तर पर है। नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की दबिश और सघन सर्च अभियान से नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लग रहा है।



