Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:


Categories


MENU

We Are Social,
Connect With Us:

☀️
–°C
Fetching location…

चेन्नास्वामी स्टेडियम हादसे पर कर्नाटक हाई कोर्ट ने सरकार से 10 दिन में मांगी स्टेटस रिपोर्ट

चेन्नास्वामी स्टेडियम हादसे पर कर्नाटक हाई कोर्ट ने सरकार से 10 दिन में मांगी स्टेटस रिपोर्ट

मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और आरसीबी के खिलाड़ियों के खिलाफ शिकायत दर्ज

Bengaluru news : बेंगलुरु भगदड़ मामले में कर्नाटक हाई कोर्ट ने प्रदेश सरकार को नोटिस जारी कर हादसे पर स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। कोर्ट ने रिपोर्ट दाखिल करने के लिये 10 दिनों का समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 10 जून को होगी। उधर, इस हादसे को लेकर एक सामाजिक कार्यकर्ता ने राज्य के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है।
हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव और न्यायमूर्ति सी.एम. जोशी की पीठ ने मामले से सम्बन्धित मीडिया रिपोर्टों पर विचार करने के बाद स्वत: संज्ञान लिया और सुनवाई की। कोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर 10 जून यानी अगले मंगलवार तक मामले पर स्टेटस रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
हाई कोर्ट ने जश्न के दौरान एम्बुलेंस और पुलिस की मौजूदगी को लेकर सरकार से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट ने टिप्पणी की, कि हमारे पास इस दुर्घटना के कारण और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कई सुझाव आए हैं, इस पर हम विचार करेंगे।
दरअसल, याचिकर्ताओं की ओर से कोर्ट के समक्ष स्टेडियम के पास अपर्याप्त व्यवस्था, स्टेडियम के सभी गेट न खोले जाने का मुद्दा उठाया गया। तब कोर्ट ने पूछा कि ऐसी घटनाओं से निपटने, राहत एवं बचाव अभियान के लिए कर्नाटक सरकार के पास क्या कोई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) है। कर्नाटक सरकार के अटॉर्नी जनरल (एजी) ने स्वीकार किया कि घटना के समय पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस की मौजूदगी नहीं थी।
सार्वजनिक समारोहों के लिए एसओपी तैयार होगी
कर्नाटक सरकार बड़े आयोजनों और समारोहों के लिए नयी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करेगी। राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी भी दुर्भाग्यपूर्ण घटना को रोकने के लिए प्रमुख आयोजनों, बैठकों और समारोहों के लिए एसओपी शुरू करेगी। साथ ही, जश्न के दौरान भगदड़ की वजह होनेवाली चूक की पहचान करने के लिए सख्त कदम उठायेगी। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भविष्य में होनेवाले सभी बड़े आयोजनों, बैठकों और समारोहों में पुलिस विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन किया जाना आवश्यक होगा।
सीएम और डिप्टी सीएम के खिलाफ शिकायत दर्ज
इस बीच मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता स्नेहमयी कृष्णा ने राज्य के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और आरसीबी के खिलाड़ियों के खिलाफ कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करायी है। आरोप लगाया गया है कि जन सुरक्षा में लापरवाही और प्रबंधन की विफलता के लिए सरकार जिम्मेदार है।
आरसीबी ने की मृतक परिजनों को आर्थिक मदद की घोषणा
गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भगदड़ में जान गंवानेवाले 11 लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। आरसीबी ने कहा, ‘कल बेंगलुरु में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने आरसीबी परिवार को बहुत पीड़ा और दर्द पहुंचाया है। सम्मान और एकजुटता के प्रतीक के रूप में आरसीबी ने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा, इस दुखद घटना में घायल हुए प्रशंसकों की सहायता के लिए आरसीबी केयर्स नामक एक कोष भी बनाया जा रहा है। हम जो कुछ भी करते हैं, उसके केन्द्र में हमेशा हमारे प्रशंसक रहेंगे। हम दुख में एकजुट भी हैं।’
उल्लेखनीय है कि इस हादसे में 11 लोगों की जान चली गयी और 50 से अधिक लोग घायल हो गये। डॉक्टरों के अनुसार घायलों में से 46 का इलाज किया गया और उन्हें छुट्टी दे दी गयी, जबकि 10 गैर-गम्भीर हालत में अस्पताल में हैं।

Share this:

Latest Updates