New Delhi News: कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार शाम संसद भवन में इंडिया ब्लॉक के सांसदों के लिए डिनर का आयोजन करने का फैसला किया है। यह बैठक उपराष्ट्रपति चुनाव से एक दिन पहले हो रही है, जिसका उद्देश्य विपक्षी एकता को मजबूत करना और गठबंधन के उम्मीदवार जस्टिस (सेवानिवृत्त) बी. सुदर्शन रेड्डी के समर्थन को सुनिश्चित करना है।
गौरतलब है कि विगत 21 जुलाई को संसद के मॉनसून सत्र के पहले ही दिन स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जगदीप धनखड़ ने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उपराष्ट्रपति का पद रिक्त हो गया था। अब चूंकि उपराष्ट्रपति चुनाव 09 सितम्बर को होना है, अत: एक दिन पहले कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे इंडिया ब्लॉक के सांसदों को डिनर पार्टी दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार को ओवैसी का भी समर्थन हासिल है। दरअसल, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया पर लिखा, कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद उनकी पार्टी सुदर्शन रेड्डी का समर्थन करेगी। ओवैसी ने रेड्डी को हैदराबाद का गौरव और सम्मानित न्यायविद बताते हुए इंडिया ब्लॉक के साथ खड़ा होने का संकेत दिया है।
यहां बताते चलें कि 09 सितम्बर को होनेवाले उपराष्ट्रपति चुनाव में बी. सुदर्शन रेड्डी और एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन के बीच सीधा मुकाबला होगा। 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद उपराष्ट्रपति पद रिक्त हुआ था।
चुनाव की प्रक्रिया
उपराष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों के सांसदों द्वारा किया जाता है। यह चुनाव संविधान के अनुच्छेद 64 और 68 तथा उपराष्ट्रपति चुनाव अधिनियम, 1952 के प्रावधानों के तहत होता है। मतदान आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली और एकल संक्रमणीय मत पद्धति से, गुप्त मतदान द्वारा कराया जायेगा।
उपराष्ट्रपति चुनाव पूर्व इंडिया ब्लॉक के सांसदों को खड़गे दे रहे डिनर पार्टी

Share this:


