▪︎ पांच गंभीर श्रद्धालुओं को एम्स ऋषिकेश किया रेफर
▪︎ मुख्यमंत्री धामी ने दिए मजिस्ट्रयल जांच के आदेश
Haridwar News: धर्मनगरी हरिद्वार में पहाड़ी पर स्थित मां मनसा देवी मंदिर के सीढ़ी मार्ग पर रविवार सुबह करंट फैलने की अफवाह फैलने से भगदड़ मच गई I जिसमें से छह श्रद्धालुओं की मौत हो गयी, जबकि 35 लोग घायल हुए हैं। घायलों को हरिद्वार जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और गम्भीर रूप से घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया और मृतक आश्रितों और घायलों को मुआवजा देने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने इस घटना की मजिस्ट्रियल जांचके आदेश दिये हैं। घटना के बाद हरिद्वार डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने अस्पताल पहुंच कर घायलों के हाल-चाल जाने और डॉक्टरों को उचित इलाज के निर्देश दिये।
वीकेंड होने के कारण भी मनसा मंदिर सहित नगर के अन्य स्थानों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी। रविवार को प्रात: 09 बजे मां मनसा देवी मंदिर जानेवाले सीढ़ी मार्ग पर भारी भीड़ उमड़ी थी। कांवड़ मेला खत्म होने के बाद भी बड़ी संख्या में कांवड़िये और श्रद्धालु मंदिर में देवी के दर्शन के लिए पहुंचे हुए थे। मंदिर की मुख्य सीढ़ी पैदल मार्ग पर ज्यादा भीड़ बढ़ने के बीच करंट फैलने की अफवाह के बाद श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ की स्थिति बन गयी और सीढ़ी मार्ग पर श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से स्थिति को नियंत्रित किया I
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि सुबह 09 बजे करीब पुलिस कंट्रोल रूम को मंदिर से 100 मीटर नीचे सीढ़ी पैदल मार्ग पर भगदड़ मचने की सूचना मिली। मौके पर एसडीआरएफ और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से हताहत लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। एसएसपी डोबाल ने बताया कि मार्ग पर करंट लगने की अफवाह से भगदड़ की स्थिति पैदा हुई। अस्पताल में कुल 35 घायलों को लाया गया था। इनमें से छह की मौत हो गयी।
गढ़वाल कमिश्नर रवि शंकर पांडे ने की मौत की पुष्टि
गढ़वाल कमिश्नर रवि शंकर पांडे ने छह लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मंदिर परिसर को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है। मौके एसडीआरएफ और पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख देगी सरकार : मुख्यमंत्री
मनसा देवी मंदिर हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छह श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों को हरसम्भव सहायता उपलब्ध करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। मुख्यमंत्री धामी ने भगदड़ की दुर्घटना की मजिस्टेट जांच के आदेश दिये हैं। इसके अलावा हादसे में मारे गये लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करने के भी निर्देश दिये हैं।
राज्य के आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि इस दुर्घटना में पांच गम्भीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। इसके अतिरिक्त 23 अन्य घायल श्रद्धालुओं का उपचार जिला चिकित्सालय हरिद्वार में चल रहा है, जहां सभी घायलों को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करायी जा रही है।
मृतकों और घायलों की हुई शिनाख्त
इसी बीच प्रशासन ने हादसे में मारे गये लोगों और घायलों की सूची जारी कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसे में मरने वाले में सौदा बरेली उत्तर प्रदेश निवासी आरुष पुत्र पंकज उर्फ प्रवेश उम्र 12 वर्ष, अररिया बिहार निवासी शकल देव पुत्र बचन उम्र 18 वर्ष, बासुआ खेड़ी काशीपुर, उत्तराखंड निवासी विपिन सैनी पुत्र रघुवीर सैनी उम्र 18 वर्ष, मोहतरमा जिला बाराबंकी उत्तर प्रदेश निवासी वकील पुत्र भरत सिंह और बदायूं, उत्तर प्रदेश निवासी शांति देवी पत्नी रामभरोसे के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर मां मंनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रवीन्द्र पुरी महाराज ने भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लियाआ और घटना पर दु:ख जताया I
हेल्पलाइन नम्बर जारी
घटना के सम्बन्ध में आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मनसा देवी मंदिर में आज हुई घटना की जानकारी देने के लिए कई हेल्पलाइन नम्बर जारी किये गये हैं। इनमें जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र, हरिद्वार के लिए 01334-223999, 9068197350 और 9528250926 पर जानकारी की जा सकती है। इसके अलावा राज्य आपातकालीन परिचालन केन्द्र, देहरादून के लिए 0135-2710334, 2710335, 8218867005 और 9058441404 नम्बर पर घटना के मृतक अथथा घायलों के बारे में जानकारी की जा सकती है।



