New Delhi News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरेंडर वे करते होंगे, कांग्रेस पार्टी ने किया होगा, उनके नेताओं ने सरेंडर किया होगा, क्योंकि कांग्रेस का इतिहास ही ऐसा रहा है। लेकिन, भारत कभी सरेंडर नहीं करता। सरेंडर कांग्रेस पार्टी की शब्दकोश में है, उनके डीएनए में है।
नड्डा ने बुधवार को ‘एक्स’ पर बयान जारी करते हुए कहा कि राहुल गांधी को अपनी पार्टी की सरकारों का कार्यकाल याद करना चाहिए किस तरह इन्होंने इतिहास में ‘सरेंडर’ किया। कांग्रेस की सरकार ने आतंकवाद के सामने सरेंडर किया, शर्म-अल-शेख में सरेंडर किया, 1971 की लड़ाई जीतने के बाद शिमला में टेबल पर सरेंडर किया, सिंधु जल समझौते में सरेंडर किया, हाजी पीर का दर्रा सरेंडर किया, छम्ब सेक्टर का 160 किमी का इलाका सरेंडर किया, 1962 की लड़ाई में सरेंडर किया, 1948 में सरेंडर किया और यहां तक कि देश की आजादी के समय मुस्लिम लीग के भी सामने सरेंडर किया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा भारतीय सेना के अप्रतिम शौर्य एवं पराक्रम को ‘सरेंडर’ कह कर सम्बोधित करना, न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि भारतीय सेना और राष्ट्र के साथ-साथ 140 करोड़ भारतवासियों का भी घोर अपमान है। अगर कोई पाकिस्तानी ऐसा कहता, तो हम उस पर हंसते भी, लेकिन जिस तरह से आॅपरेशन सिन्दूर ने पाकिस्तान में तबाही मचायी, उसके बाद पाकिस्तान की जनता से लेकर उसकी सेना और उसके प्रधानमंत्री ने भी ऐसा कहने की हिम्मत नहीं की, लेकिन राहुल गांधी ऐसा बोल रहे हैं। यह देशद्रोह से कम नहीं है।
राहुल गांधी के बयान पर बोले नड्डा, सरेंडर करने का कांग्रेस पार्टी का रहा है इतिहास

Share this:


