▪︎ मीडिया संवाद में प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि हुए शामिल
Bokaro News : सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा कैम्प टू स्थित जायका हैप्निंग में बुधवार को मीडिया संवाद का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता नव पदस्थापित उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी अजय नाथ झा ने की। मौके पर डीसीएलआर चास प्रभाष दत्ता, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत विभिन्न प्रिंट एवं ईलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
अपने सम्बोधन में उपायुक्त सह दंडाधिकारी ने कहा कि समाज में मीडिया की अहम भूमिका है। मीडिया समाज का दर्पण है, मीडिया जो दिखाता है, लोग उसी से धारणा बनाते हैं। इसलिए मीडिया से प्रशासन का प्रभावी सम्पर्क जरूरी है। मीडिया के माध्यम से ही आमजन तक यह बात पहुंच सकती है कि सरकार या प्रशासन उनके लिए क्या कर रहे हैं। समाज में कैसे विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं/नीतियों से जीवन स्तर में बदलाव आ रहा है।
उन्होंने आम जनता को यह भरोसा दिलाने की बात कही कि प्रशासन उनके साथ हमेशा खड़ा है। शासन-प्रशासन आम आदमी के लिए है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से क्रमवार संवाद कर जिले की प्रमुख समस्याओं और उसके समाधान को लेकर किये जानेवाले कार्यों पर सुझाव प्राप्त किया।
उपायुक्त सह दंडाधिकारी ने जिले के पत्रकारों के लिए प्रेस क्लब भवन निर्माण, पत्रकार कल्याण कोष, सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, खेलकूद की वार्षिक गतिविधि निर्धारण आदि के सम्बन्ध में विस्तार से चर्चा की।
मौके पर विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी बात व सुझावों को रखा।



