New Delhi News: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक मूक-बधिर लड़की के साथ हुए गैंगरेप और उसकी मौत की खबर का स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में यूपी के पुलिस डीजीपी और गाजियाबाद के जिलाधिकारी को नोटिस भेज कर दो हफ्ते के अन्दर पूरी रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट में अब तक की जांच और मुआवजे के बारे में भी जानकारी मांगी गयी है।
मानवाधिकार आयोग के अनुसार, आयोग को एक मीडिया रिपोर्ट्स में 18 अगस्त को गाजियाबाद के लोनी इलाके में दो लोगों ने इस मूक-बधिर लड़की से गैंगरेप की जानकारी मिली। इसके तीन दिन बाद, 21 अगस्त को वह अपने घर पर मृत पायी गयी। बताया जा रहा है कि उसका इलाज दिल्ली के इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज में चल रहा था।
आयोग ने कहा है कि अगर मीडिया में आयीं ये खबरें सही हैं, तो यह मामला गम्भीर मानवाधिकार उल्लंघन का है। इसलिए मामले की गम्भीरता को देखते हुए अधिकारियों से जल्द से जल्द पूरी जानकारी देने को कहा गया है।



