Lucknow news :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि उसने इतनी बड़ी हिमाकत कर दी है कि अब वह अपने वजूद के लिए संघर्ष करता दिखाई देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान का आतंकवादी चेहरा अब दुनिया के सामने बेनकाब हो चुका है।
मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में पाकिस्तान पर यह टिप्पणी की। उन्होंने 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादियों के हमले का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना के बाद हर भारतवासी ने पाकिस्तान को सबक सिखाने की ठान ली थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी तीनों सेनाओं ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। आज पाकिस्तान दुनिया में अलग-थलग पड़ चुका है और कराहता हुआ नजर आ रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने पाकिस्तान के बेशमीर्पूर्ण रवैये पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भारत की कार्रवाई में मारे गये आतंकवादियों के जनाजे में पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों और राजनीतिज्ञों की मौजूदगी दुनिया की आंखें खोलनेवाली है। यह साबित करता है कि पाकिस्तान न केवल आतंकवादियों को संरक्षण देता है, बल्कि सीधे तौर पर आतंकवाद में शामिल भी है। अब पाकिस्तान अपने वजूद के लिए जूझ रहा है।
मुख्यमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि वे भारतीय सेनाओं का मनोबल बढ़ाएं और सोशल मीडिया पर फैलनेवाली अफवाहों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि हर भारतवासी की जिम्मेदारी है कि वह अपनी सेनाओं के साथ खड़े हों और शरारतपूर्ण कार्रवाइयों को बेनकाब करें।



