विशाखापट्टनम में समुद्र पर पांच लाख लोगों के साथ योगा का रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
Visakhapatnam News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 जून को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशाखापट्टनम में योगाभ्यास करेंगे। इस साल के योग दिवस की थीम ‘एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य’ है। इस आयोजन को एतिहासिक बनाने के लिए राज्य सरकार खास व्यवस्था कर रही है। राज्य सरकार योग आंध्र-2025 के लिए विशाखापत्तनम के रामकृष्ण बीच रोड पर स्थित समुद्र तट पर एक साथ 5 लाख लोगों के साथ योगा कर रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में जुटी है। इसकी व्यवस्था मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू और उनके बेटे लोकेश स्वयं देख रहे हैं।
विशाखापत्तनम के समुद्र तट पर होने वाले 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम को राज्य सरकार ऐतिहासिक बनाने में जुटी है। इसके लिएमैदान समुद्र तट पर 05 लाख लोगों के साथ योग आसन कर विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है। इसके लिए आरके बीच स्थित कालीमाता मंदिर से लेकर विजयनगरम जिले के भोगापुरम तक समुद्र तट के किनारे योगासन करने की व्यवस्था की जा रही है। बीच रोड पर 326 कम्पार्टमेंट तैयार किये जा रहे हैं। हर कम्पार्टमेंट में 40 फीट पर एक छोटा मंच बनाया जा रहा है। मुख्य मंच के पास सड़क पर हरे रंग के कालीन बिछाये जा रहे हैं। कार्यक्रमों को देखने के लिए मुख्य मंच पर एलईडी स्क्रीन लगायी जा रही हैं। नगर पुलिस आयुक्त के अनुसार इस महीने की 19 तारीख से बीच रोड पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया जायेगा।
बारिश होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था
मुख्यमंत्री के आदेश पर आंध्र विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग ग्राउंड पर भी वैकल्पिक व्यवस्था की गयी है। अगर 21 तारीख को बारिश होती है तो इस ग्राउंड पर योगासन किया जायेगाा। अगर बारिश नहीं हुई, तो दोनों मंचों पर योगासन किये जायेंगे। सरकार ने आंध्र विश्वविद्यालय में बीस हजार आदिवासी छात्रों के लिए सूर्य नमस्कार करने की व्यवस्था कर रही है। पूर्वी नौसेना विशाखापत्तनम तट पर खड़े 11 युद्धपोतों पर योग दिवस मनायेगी।
आयोजन पर खर्च होंगे 62 करोड़ रुपये
इस साल योग दिवस के आयोजन पर 62 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सरकार ने इसके लिए 20 करोड़ रुपये जारी कर दिये हैं। योग के लिए आनेवालों के पांच लाख फूड पैकेट तैयार किये जा रहे हैं। योग समारोह में भाग लेनेवाले हर व्यक्ति को एक चटाई, टी-शर्ट और फूड पैकेट दिया जायेगा।
दो हजार सीसीटीवी लगेंगे
आयोजन स्थल रामकृष्ण बीच के निकट तीन हजार अस्थायी शौचालय बनाये जा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में 326 कम्पार्टमेंट होंगे और हर पांच कम्पार्टमेंट पर एक मेडिकल कैंप, मुख्य मंच के पास दस बेड वाले दो अस्थायी अस्पताल और आंध्र विश्वविद्यालय के मैदान पर दस बेड वाला एक अस्पताल बनाया जा रहा है। बीच रोड पर योग अभ्यास के लिए हरे रंग की मैट लगायी जा रही हैं। पूरे इलाके की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए समुद्र तट पर दो हजार सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। आयोजन की जिम्मेदारी सात आईएएस अधिकारियों को सौंपी गयी है। एनसीसी और एनएसएस स्वयंसेवकों को सेवाओं के बारे में प्रशिक्षित किया गया है। इस कार्यक्रम के लिए कुल 6,300 स्वयंसेवकों का उपयोग किया जायेगा। दस हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। एक विशेष कमांड कंट्रोल रूम बनाया गया है।
मैट पर होंगे क्यूआर कोड और नम्बर
प्रत्येक कम्पार्टमेंट में एक हजार लोग ही योग कर सकेंगे। इसके लिए मैट पर नम्बर आवंटित किये जायेंगे। व्हाट्सएप पर पंजीकरण कराने वालों को कम्पार्टमेंट का विवरण भेजा जायेगा। प्रवेश करते समय क्यूआर कोड को स्कैन किया जायेगा। प्रत्येक कंपार्टमेंट के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी को प्रभारी नियुक्त किया गया है। योग करने वालों को एक टी-शर्ट और मैट दी जा रही है। अब तक विशाखापट्टनम में 1.50 लाख टी-शर्ट और 1.50 लाख मैट आ चुके हैं।
विश्व को भारत का सबसे बड़ा उपहार है ‘योग’: राज्यपाल
राज्यपाल अब्दुल नजीर ने कहा कि ‘योग’ भारत का विश्व को दिया गया सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने एक बयान में 21 तारीख को विशाखापट्टनम में आयोजित होनेवाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में बड़ी संख्या में भाग लेने का आग्रह किया है। राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विशाखापट्टनम में योग समारोह में भाग लेंगे। यह सबसे बड़े योग कार्यक्रमों में से एक होगा।” मंगलवार को आंध्र प्रदेश के राजधानी अमरावती में स्थित राजभवन में योगाभ्यास सत्र आयोजित किया गया। योग गुरु रामानंद ने अधिकारियों और कर्मचारियों को योग आसनों का अभ्यास कराया।



