New Delhi : उत्तराखंड के देहरादून स्थित राष्ट्रपति का आधिकारिक निवास एवं विश्राम स्थल ‘राष्ट्रपति निकेतन’ 24 जून से आम जनता के लिए खुल जाएगा। यह प्रेसिडेंशियल रिट्रीट 186 साल पुराना है। यह 21 एकड़ का एस्टेट है। इसे राष्ट्रपति और राष्ट्रपति भवन की विरासत के साथ नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से खोला जा रहा है।
राष्ट्रपति भवन ने शनिवार को एक बयान में बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 जून को राष्ट्रपति निकेतन का दौरा करेंगी और इस एस्टेट को आम जनता के लिए खोलने की तैयारियों का जायजा लेंगी। इस अवसर पर वह 132 एकड़ के इकोलॉजिकल पार्क, राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला भी रखेंगी। यह पार्क एक गतिशील पर्यावरण और मनोरंजन स्थल होगा, जिसमें थीम आधारित उद्यान, एक तितली उद्यान और बच्चों के लिए एक समर्पित खेल क्षेत्र शामिल होगा।



