एक उग्रवादी घायल, एक जवान भी जख्मी, भारी मात्रा में हथियार बरामद
Latehar : जिले के इचाबार जंगल में शनिवार को पुलिस और उग्रवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) का कुख्यात सरगना पप्पू लोहरा उर्फ सूर्यदेव लोहरा उर्फ सोमेद लोहरा और उसका सब-कमांडर प्रभात गंझू उर्फ सुदेश गंझू मारा गया। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के अनुसार, दोनों पर क्रमश: 10 लाख और 05 लाख रुपये का इनाम घोषित था। घटना की पुष्टि करते हुए एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पप्पू लोहरा अपने 4-5 साथियों के साथ इचाबार के जंगल में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुअनि रवीन्द्र महली के नेतृत्व में छापामारी दल गठित कर कार्रवाई की गयी। जैसे ही पुलिस दल ने जंगल में घेराबंदी शुरू की, नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों इनामी नक्सली मारे गये। मुठभेड़ में एक अन्य नक्सली आशीष सिंह घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रांची स्थित रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस के जवान अवध सिंह भी गोली लगने से घायल हुए हैं । उन्हें भी रिम्स भेजा गया है।
घटनास्थल से एक इंसास रायफल, 20 कारतूस के खोखे, दो पाउच मैगजीन, एक मोटरसाइकिल, तीन पिठ्ठू बैग और एक शोल्डर बैग बरामद किये गये हैं।
इस कार्रवाई में एसपी कुमार गौरव, एसडीपीओ अरविंद कुमार, डीएसपी संजीव कुमार मिश्रा, पुअनि प्रमोद कुमार सिन्हा, उमेश प्रसाद सिंह, रामाकांत गुप्ता, राहुल सिन्हा, रविंद्र महली, उमापद महतो समेत सैट-01 के जवान शामिल थे।



