Ranchi News: प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता का भी आयोजन हुआ। इसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने 11 वर्षों की केन्द्र की मोदी सरकार की उपलब्धियां बतलायीं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने असम्भव को सम्भव किया है। आज दुनिया भारत को सम्मान के साथ देख रही है। दुनिया में तिरंगे की ताकत बढ़ी है।
स्मृति ने कहा कि आज भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता और प्रबुद्ध देशवासी, जिन्होंने अपने सहयोग से तीसरी बार मोदी सरकार बनाया है, वे गौरव का अनुभव करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार प्रकट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब विकास की बात होती है, तो केन्द्र में गरीबों को रखा जाता है। 50 करोड़ लोगों को जनधन खाता के माध्यम से देश की तिजोरी से जोड़ा गया। 45 लाख करोड़ रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से खाते में भेजे गये।
उन्होंने कहा कि बहुआयामी गरीबी से उबारने के संकल्प के कारण आज 25 करोड़ नागरिक तीव्र गति से उन्नति के पथ पर अग्रसर हुए हैं। 81 करोड़ लोगों को अन्नपूर्णा का आशीर्वाद प्रतिमाह 05 किलो मुफ्त अनाज के रूप में मिल रहा है। जबकि, 04 करोड़ गरीबों के सिर पर पक्के छत की सुविधा जिसमें 73% मालकिन महिलाएं और 15 करोड़ घरों तक नल से जल की सुविधा पहुंचना सुशासन और कुशल नेतृत्व के कारण ही सम्भव हो पाया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत 12 करोड़ गरीबों के घर शौचालय निर्माण ने महिलाओं-बेटियों की इज्जत व लाज को सुरक्षित किया है। साथ ही, उज्ज्वला गैस योजना के माध्यम से 12 करोड़ घरों तक धुआं मुक्त रसोई ने महिलाओं के दुख-दर्द को कम किया है।
स्मृति ईरानी ने कहा कि गरीब कल्याण के साथ किसान कल्याण भी मोदी सरकार की प्राथमिकता रही है।आज डीबीटी के माध्यम से देश के 11 करोड़ किसानों के खाते में प्रतिवर्ष किसान सम्मान निधि के 06 हजार रुपये पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार की तुलना में देश का कृषि बजट 05 गुना बढ़ा है। 03 लाख 70 हजार करोड़ रुपये किसानों को प्राप्त हुए हैं। 25 करोड़ सॉइल हेल्थ कार्ड और 1.75 हजार करोड़ रुपये फसल बीमा योजना में किसानों को प्राप्त हुए हैं। किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट 05 लाख तक बढ़ायी गयी है। इसी तरह मोदी सरकार ने नारी सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया है। आर्मी में स्थाई कमीशन की व्यवस्था से सेना में अधिकारी बनने का अवसर व सैनिक स्कूल में लड़कियों का नामांकन मोदी सरकार की सार्थक कोशिश है।
स्मृति ने कहा कि संसद के नवनिर्मित भवन में पहला बिल महिलाओं केलिए 33% आरक्षण की सुविधा का रहा, जिसकी प्रतीक्षा लम्बे समय से थी। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4.25 करोड़ खाते खुले, स्तनपान कराने वाली और गर्भवती महिलाओं केलिए 18593 करोड़ रुपये खर्च किये गये। 10 करोड़ महिलाओं द्वारा देश में 90 लाख स्वयं सहायता समूह चल रहे हैं, जो 6.40 लाख गांव में सेवा दे रहे हैं। अब तो महिलाएं ड्रोन दीदी भी बन रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने कोविड काल में सिर्फ 140 करोड़ लोगों की जान नहीं बचायी, बल्कि 160 राष्ट्रों तक वैक्सीन देकर विश्व बंधुत्व की सोच को मजबूत किया। इसी तरह जम्मू कश्मीर में हाल में उद्घाटित विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज की सराहना विपक्षी दल के मुख्यमंत्री ने भी की है। भारत के रक्षा उपकरणों का निर्यात 34 गुना बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि धारा 370 की समाप्ति, अयोध्या राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ, महाकाल कोरिडोर निर्माण जैसे कार्य भारत की राष्ट्रीय एकात्मता और सांस्कृतिक विरासत को समर्पित रहे हैं।



