Rajgir news, Patna news : राजगीर के प्रसिद्ध नौलखा मंदिर में दानपेटियां तोड़कर हुई सनसनीखेज लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही राजफाश कर दिया है। इस वारदात में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मंदिर के मुख्य पुजारी के बेटे और भतीजे ही इसमें संलिप्त मिले। पुलिस ने उन दोनों के अलावा श्वेतांबर धर्मशाला के सहायक सुपरवाइजर समेत पांच को गिरफ्तार कर लिया है। लूट के कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने लूट की रकम बरामद कर ली थी। गिनती में वह रकम 8,05,090 रुपये पाई गई। एसपी भारत सोनी ने मंगलवार को बताया कि श्वेतांबर धर्मशाला परिसर के नौलखा मंदिर में रविवार 18 मई की रात दो से 2:30 बजे के बीच यह वारदात हुई थी। अपराधियों ने नाइट गार्ड को चाकू घोंपकर जख्मी कर दिया और मंदिर की दानपेटियों के ताले तोड़ 8,05,090 रुपये लूट लिए थे।
डीएसपी के द्वारा गठित विशेष जांच टीम ने किया उद्भेदन
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी राजगीर ने विशेष जांच टीम का गठन किया। एसपी ने बताया कि जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी के परिवार के ही सदस्य इस लूट के मास्टरमाइंड निकले। गिरफ्तार अभियुक्तों में विनीत कुमार (पुजारी का बेटा), परमीत तिवारी (पुजारी का भतीजा), बच्चन कुमार (श्वेतांबर धर्मशाला का सहायक सुपरवाइजर), कन्हैया कुमार और हीरा कुमार शामिल हैं।पुलिस ने अपराधियों के पास से लूटी गई संपूर्ण राशि के अलावा एक देसी पिस्तौल, पाइंट 315 बोर की गोली, 7.65 एमएम की 11 गोलियां, घटना में प्रयुक्त टीवीएस मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का चाकू भी बरामद किया है। एसपी ने बताया कि सभी अभियुक्तों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। राजगीर एसडीपीओ को निर्देश दिया है कि एक माह के अंदर सभी साक्ष्य एकत्र कर मामले का स्पीडी ट्रायल करवाया जाए। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में आसपास के जिलों के अभियुक्त शामिल हैं, उनके आपराधिक इतिहास का पता किया जा रहा है, ताकि अदालत में पूर्ण साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें और उनको कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।



