▪︎ सिलीगुड़ी से किशनगंज स्टेशन की ओर आ रही थी डीएमयू सवारी गाड़ी
▪︎ पीछे के कोच गार्ड ब्रेक से निकला धुआं, यात्री सुरक्षित
Kishanganj news : बिहार के किशनगंज जिले से सटे पश्चिम बंगाल के गाइसल रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर बड़ा रेल हादसा टल गया। यहां मंगलवार को डीएमयू में अचानक आग लग गई। किशनगंज-एनजेपी रेलखंड के गाइसल रेलवे स्टेशन पर दोपहर में सिलीगुड़ी-मालदा कोर्ट डीएमयू पैसेंजर पहुंची थी। इसी दौरान इंजन के पिछले कोच गार्ड ब्रेक में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन सिलीगुड़ी से किशनगंज की ओर से आ रही थी। आग लगने की सूचना मिलते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और रेल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुट गए। आग की लपटों और धुएं के कारण स्टेशन पर कुछ देर के लिए अराजक स्थिति बन गई।
तकनीकी खराबी या शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। इसकी जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तकनीकी खराबी या शार्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। आग लगने के बाद स्टेशन पर कुछ समय के लिए ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। इससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को अन्य साधनों से उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास किया। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियां किशनगंज और इस्लामपुर से मौके पर पहुंचीं। रेलवे के वरीय अभियंताओं के साथ एनजेपी से एडीआरएम भी मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में जुटे हैं। आठ माह पूर्व 15 सितंबर, 2024 को भी किशनगंज शहर के तेघरिया रेलवे गुमटी के समीप डीएमयू में आग लग गई थी। उस समय जांच के दौरान शार्ट सर्किट कि मामला सामने आया था।



