▪︎ अभी खत्म नहीं हुआ है ऑपरेशन सिन्दूर : मोदी
Kanpur News : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कानपुर में 47,573 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 15 मेगा विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि अब ‘भारत मेक इन इंडिया’ के तहत आत्मनिर्भर बन रहा है और हाल ही ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ में भारत की ब्रम्होस मिसाइल ने दुश्मन देश के जिस प्रकार छक्के छुड़ाये हैं, उसे पूरी दुनिया ने देखा है। भारत अब विकास के साथ ही आतंकवाद का डट कर मुकाबला करने में सक्षम है। ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ स्थगित किया गया है, लेकिन अभी खत्म नहीं हुआ है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
बिहार में रोड शो के बाद प्रधानमंत्री कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर पहुंचे। यहां से वह सीधे जनसभा स्थल पर पहुंचे और लगभग 47.5 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
पूरी दुनिया ने देखा भारत की सेना का पराक्रम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने सम्बोधन की शुरुआत में ही पहलगाम आतंकी हमले में मारे गये शुभम द्विवेदी का नाम लिया और कहा कि हमारा यह दौरा 24 अप्रैल को होना था, लेकिन आतंकी घटना में कानपुर के शुभम के मारे जाने पर दौरा टाल दिया गया था। शुभम की पत्नी बहन ऐशन्या के दर्द और आक्रोश को पूरा देश महसूस कर रहा है। इसी आक्रोश को लेकर भारत की सेना ने ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ चला कर दुश्मन देश के घर में घुस कर आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त करने का काम किया। इस आॅपरेशन में आत्मनिर्भर भारत की साफ झलक देखने को मिलती है और जिस प्रकार स्वदेशी ब्रम्होस मिसाइल ने वहां तबाही मचायी, उसे पूरी दुनिया ने देखा। उन्होंने कहा कि हमारी सेना ने ऐसा पराक्रम किया कि पाकिस्तानी सेना युद्ध विराम के लिए गिड़गिड़ाने लगी। यहां पर फिर कहना चाहता हूं कि ‘आॅपरेशन सिन्दूर’ को लेकर जो दुश्मन देश गिड़गिड़ा रहा था, वह किसी गलतफहमी न रहे। ऑपरेशन अभी सिर्फ रोका गया है, खत्म नहीं किया गया। भारत हर आतंकी हमले का करारा जवाब देगा।
ब्रम्होस मिसाइल का नया पता है उत्तर प्रदेश
प्रधानमंत्री ने कहा कि भविष्य में कानपुर यूपी डिफेन्स का बड़ा एक्सपोर्टर बनाने में सबसे आगे रहेगा और ब्रम्होस मिसाइल का नया पता है उत्तर प्रदेश होगा। यहां कई फैक्टरियां लगेंगी, बड़े पैमाने पर निवेश आयेगा, यहां के हजारों युवाओं को रोजगार के अच्छे अवसर मिलेंगे। मोदी ने कहा कि यूपी और कानपुर को नयी ऊंचाई पर ले जाना है। यह डबल इंजन की सरकार की पहली प्राथमिकता है। यह तभी होगा, जब यहां पर उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और कानपुर का पुराना गौरव फिर से लौटेगा। पिछली सरकारों ने आधुनिक उद्योगों की जरूरतों को नजरअंदाज करके रखा था। कानपुर से उद्योगों का पलायन होता गया, परिवारवादी सरकारें आंख बंद करके बैठी रहीं। नतीजा यह हुआ केवल कानपुर ही नहीं, पूरा यूपी पीछे हो गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य की औद्योगिक प्रगति के लिए दो सबसे जरूरी शर्तें हैं। पहली ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता ; यानी बिजली सप्लाई और दूसरी इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी। आज यहां 660 मेगावाट पनकी पावर प्लांट, 660 मेगावाट का नेवली पावर प्लांट, 1320 मेगवाट का जवाहरपुर पावर प्लांट, 660 मेगावाट ओबरासी पावर प्लांट, 660 मेगावाट खुर्जा पावर प्लांट का लोकार्पण हुआ है। यह यूपी की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए बहुत बड़ा कदम है। इन पावर प्लांट से यूपी में बिजली की उपलब्धता और बढ़ेगी और यहां के उद्योगों को भी गति मिलेगी। आज 47 हजार करोड़ के अधिक की लागत की कई और विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया है।
मेट्रो सिटी की तरह दिखेगा कानपुर में विकास
प्रधानमंत्री ने कहा कि जो इंफ्रास्ट्रक्चर व सुविधाएं बड़ी-बड़ी मेट्रो सिटी में होती हैं, वह सब कुछ अब कानपुर में भी दिखेगा। कुछ साल पहले हमारी सरकार ने कानपुर को पहली मेट्रो की सौगात दी थी। अब वह सेंट्रल स्टेशन तक दूसरे चरण में पहुंच गयी है। पहले एलीवेटेड और अब अंडरग्राउंड के जरिये मेट्रो आगे बढ़ रही है।



